नेशनल हाइवे 73 पर गाबा अस्पताल के नजदीक पीएनबी के एटीएम से पैसे निकलवाने आए रिटायर्ड रेलवे कर्मी का धोखे से एक युवक ने एटीएम कार्ड बदल लिया। आरोपी युवक ने एटीएम से एक लाख 64 हजार की नगदी निकाल ली। घटना दस मार्च की है। बैंक जाने पर पीड़ित को खाते से नकदी निकलने का पता चला। उसने इसकी शिकायत बैंक अधिकारियों व पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस एटीएम कक्ष में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालने में जुटी हुई है।
विशाल नगर कालोनी निवासी गुलशन राय रेलवे से रिटायर्ड है। 10 मार्च को वे किसी काम से बाजार आए थे। दोपहर के समय उसे कुछ सामान की खरीदारी करने के लिए रुपयों की जरूरत पड़ी। नकदी निकलवाने के लिए वह गोबिंदपुरी एरिया में नेशनल हाईवे 73 पर गाबा अस्पताल के नजदीक स्थित पीएनबी के एटीएम में गए। यहां नकदी निकलवाने के लिए पहले से लोगों की लाइन लगी हुई थी। गुलशन राय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि लाइन में उसके पीछे एक युवक भी खड़ा हुआ था। जब उसका नंबर आया तो उसने एटीएम कार्ड मशीन में डाला और नकदी निकलवाने का प्रयास किया, लेकिन मशीन से नकदी नहीं निकली। इस पर उसके पीछे खड़े युवक ने उसकी मदद करने के लिए उसका एटीएम कार्ड लिया। नकदी निकालने के लिए उनका पासवर्ड पूछा। आरोप है कि इस दौरान युवक ने धोखे से उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और दूसरा एटीएम देकर उससे बोला कि उनका एटीएम कार्ड खराब है। इसके बाद वह वहां से घर आ गया। मंगलवार को जब वह बैंक में पासबुक में एंट्री कराने गया तो उसे पता चला कि उसके खाते से एक लाख 64 हजार 800 रुपये की नकदी गायब है। यह देख वह परेशान हो गया। उसने इस बारे में बैंक कर्मचारियों से पता करवाया तो उसके खाते से एटीएम कार्ड के माध्यम से 10 से 12 मार्च तक नकदी निकाली गई है। पता चलने पर उसने बैंक अधिकारियों व पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
पहले भी हो चुकी वारदातें, फिर भी नहीं समझते लोग :
ट्विनसिटी में एटीएम बदल कैश निकलवाने की घटना पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले भी कई बार लोगों को हजारों रुपये का चुना लग चुका है। लेकिन उसके बाद भी लोग नहीं समझते। ताजा मामला नौ फरवरी का जगाधरी इंदिरा मार्केट स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम का है। जहां पैसे निकलवाने आए विजय कॉलोनी निवासी रमाशंकर से दो अज्ञात युवकों ने धोखे से पिन कोड चुराकर एटीएम बदल लिया। युवकों ने उनके खाते से दस हजार रुपये की नकदी निकलवाई और एक ज्वैलर्स से 47735 रुपये की ज्वेलरी खरीद ली। इससे पहले भी दर्जनों मामले हो चुके है।
निर्देशों की नहीं होती पालना :
बैंक अधिकारियों द्वारा भी बैंकों में एटीएम के संबंध में गाइडलाइन लिखी होती है। बावजूद इसके लोग अपना एटीएम दूसरों के साथ शेयर करते है और पिन भी बता देते है। एटीएम कक्ष में एक ही टाइम में केवल एक व्यक्ति की कैश निकलवा सकता है। यह निर्देश बैंक और प्रशासन की तरफ से दिए हुए है। बावजूद इसके एटीएम कक्ष में एक ही टाइम में कई कई व्यक्ति घुसे होते है। ऐसे में वारदात होना तय है। कुछ एटीएम में सिक्योरिटी गार्ड होने पर भी यह व्यवस्था लागू नहीं हो पा रही है।
गाबा अस्पताल के नजदीक स्थित पीएनबी एटीएम में हुई एटीएम बदलने की शिकायत आई थी। मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्जकर लिया गया है। एटीएम में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- नवीन कुमार, जांच अधिकारी, रामपुरा चौकी, यमुनानगर।