होली के दिन पुरानी रंजिश के चलते तेजधार हथियारों से हमलाकर युवक की हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने एक युवक को नामजद करते हुए उसके 3 अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस में दर्ज शिकायत में गांव गुलडेहरा निवासी रामफल ने कहा कि कुछ माह पहले उनका पड़ोसी सुनील के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। जिसका केस अदालत में विचाराधीन है।
सुनील कुमार इसी बात की अपने मन में रंजिश रखे हुए था। होली के दिन वह व उसका छोटा भाई संजय पिहोवा स्थित तहसील चौक पर अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी सुनील कुमार 3 अन्य युवकों को मोटरसाइकिल पर बैठाकर उनकी दुकान के समीप पहुंचा और तीनों युवकों को उनकी दुकान की तरफ का इशारा कर मोटरसाइकिल पर गुलडेहरा की ओर चल दिया। तभी तीनों युवक हथियारों सहित दुकान में आए और उसके भाई संजय पर हमलाकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
शोर सुन जब आसपास के लोग एकत्रित होने लगे तभी तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए। वे तुरंत संजय को लेकर पिहोवा के एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां पर उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद से पटियाला रेफर कर दिया। जहां पर उपचार के दौरान संजय की गत दिवस मौत हो गई। पुलिस ने रामफल की शिकायत पर आरोपी सुनील कुमार व उसके अन्य तीनों साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।