छप्पर थाना क्षेत्र के गांव मुसींबल (एम) में बुधवार दोपहर को लापता हुए साढ़े तीन वर्षीय बच्चे का शव घर से करीब एक किलोमीटर दूर गांव के जोहड़ में पड़ा मिला। बच्चे के गले पर दबाने निशान थे। परिजन ने अज्ञात पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले की सूचना मिलने पर डीएसपी, छप्पर थाना एसएचओ और फोरेसिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगामी कार्रवाई करने की बात कह रही है।
मुसीबल(एम) निवासी धर्मवीर ने बताया कि उसका साढ़े तीन वर्षीय बेटा प्रिंस बुधवार दोपहर के समय गली में खेल रहा था। कुछ देर बाद जब उसकी मां बच्चे को गली में देखने गई तो बच्चा नहीं मिला। प्रिंस की मां ने आस पास भी मोहल्ले में पता किया, लेकिन बच्चे को कोई सुराग नहंीं लगा। इसकी सूचना बच्चे की मां ने अपने परिजनों को दी। परिजनों ने बच्चे को ढूंढा, जब नहीं मिला तो इसकी सूचना थाना छप्पर पुलिस को दी। पुलिस ने बुधवार को अज्ञात के खिलाफ गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया था। पूरी रात परिजन बच्चे को ढूंढते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। गुरुवार सुबह किसी ने सूचना दी कि किसी बच्चे का शव गांव के पास बने जोहड़ के किनारे पर पड़ा हुआ है। परिजन जोहड़ पर गए, बच्चे को जोहड़ के किनारे पानी में बेटे के शव को देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा बेटे के गले पर चोट के निशान है। परिजनों का आरोप है कि किसी ने बच्चे की गला दबाकर हत्या की है। बाद में शव को जोहड़ में फेंका गया है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की जांच की। इसके बाद डीएसपी व फोरेसिंग टीम भी मौके पर पहुंची। टीम सदस्यों ने शव की जांच की और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को साैंप दिया।
गला दबा हत्या कर जोहड़ में फेंका :
मृतक बच्चे प्रिंस के पिता धर्मवीर का कहना है कि जोहड़ उनके घर से करीब एक किलोमीटर दूर है। इतनी दूर उनका बेटा अकेला नहीं आ सकता। बच्चे के लापता होने के बाद उन्होंने गांव का एक एक घर छान मारा, पूरी रात बच्चे को ढूंढते रहे। उनका आरोप है कि उनके इकलौते बेटे की गला दबाकर हत्या की, उसके बाद उसके शव को जोहड़ में फेंक दिया। क्योंकि बच्चे के गले पर निशान है और पीछे कमर पर भी चोट के निशान है।
इकलौता बेटा था प्रिंस :
धर्मवीर का कहना है कि उसके पास तीन बच्चे है। दो बेटियां है और प्रिंस सबसे छोटा इकलौता बेटा था। जिसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद जहां उसकी मां की आंखों से आंसू नहीं रुक रहे, वहीं दो बहनों व अन्य परिजनों का भी रो रो कर बुरा हाल है। वे अपने बेटे को पढ़ा लिखाकर अच्छा इंसान बनाना चाहते थे।
मुंसीबल गांव में जोहड़ से मिले बच्चे का शव मिलने की सूचना पर वे अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर गए थे। मामले में बच्चे की गुमशुदगी का मामला दर्ज है। उसके गले पर निशान भी मिले है। बच्चे की हत्या हुई है या नहीं यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वह मामले की जांच कर रहे है।
- राजिंद्र सिंह, एसएचओ, थाना छप्पर।