फर्कपुर थाना क्षेत्र की मायापुरी कॉलोनी में चोर सूने घर के ताले तोड़ 74 हजार रुपये की नकदी सहित लाखों रुपये के सोने व चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। वारदात के समय परिवार जरूरी काम से रिश्तेदारी में गया हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस व सीन आफ क्राइम की टीम ने घटना स्थल का मुआयना कर जांच की। जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मायापुरी कॉलोनी निवासी नासीर अहमद ने बताया कि शुक्रवार को वह किसी काम से रिश्तेदारी में गए हुए थे। इस दौरान उन्होंने घर को ताला लगाया हुआ था। शनिवार को जब वह घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि घर के ताले टूटे पड़े थे। वह घर के अंदर गया तो उन्होंने देखा कि कमरे के अंदर रखी अलमारी खुली पड़ी थी और लॉकर टूटा हुआ था। अलमारी के अंदर रखा सामान कमरे में बिखरा पड़ा था।
उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर फर्कपुर थाना पुलिस और सीन आफ क्राइम टीम के सदस्य मौके पर पहुंचे। टीम सदस्यों ने संदिग्ध स्थानों की जांच की। वहीं पुलिस ने उससे मामले की जानकारी ली। जांच में पता चला कि चोरों ने अलमारी में रखी करीब 74 हजार रुपये की नकदी, सोने व चांदी के आभूषण और हजारों रुपये का अन्य सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने नासीर अहमद की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई सलिंद्र का कहना है कि चोरों की तलाश की जा रही है।