थाना छप्पर क्षेत्र के भंभोल गांव में शनिवार देर रात फौजी की पत्नी की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। नहीं वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन तुरंत जगाधरी के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान 34 वर्षीय मोनिका के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रात करीब साढ़े 11 बजे मोनिका अपने कमरे में सो रही थी, तभी एक व्यक्ति घर में घुस आया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने महिला की गर्दन पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मोनिका की चीखें सुनकर परिवार के अन्य सदस्य कमरे में पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
परिजनों ने घायल मोनिका को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि अधिक खून बहने और गर्दन की नस कटने के कारण उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही थाना छपरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल के पास से एक चाकू भी बरामद हुआ है, जिससे हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने बताया कि मोनिका की शादी करीब दस साल पहले अंबाला के कलरेड़ी गांव निवासी जसवीर सिंह से हुई थी, जो सेना में तैनात हैं और फिलहाल जम्मू-कश्मीर में पोस्टेड हैं। करीब तीन साल पहले पिता की मौत के बाद मोनिका अपने सात वर्षीय बेटे के साथ यमुनानगर में मां के घर रह रही थी। पुलिस अब हत्या के पीछे के कारणों और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।