प्रमोद की मौत के बाद शुक्रवार को परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर रोष जताया। विलाप करते हुए उसके परिजन पोस्टमार्टम हाउस के बाहर पहुंचे। यहां उन्होंने विलाप करते हुए हाथ जोड़कर पुलिस प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई। उनका कहना था कि प्रमोद पर चोरी का झूठा आरोप लगाकर उसे पीटा गया। इसके बाद उसे जबरन जहर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। प्रमोद ने आत्महत्या नहीं की, उसकी हत्या हुई है। दोषियों को भी फांसी की सजा दो। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे यहीं पर धरना देंगे।
विक्रम ने बताया कि मरते मरते उसके भाई ने उन्हें पूरी घटना के बारे में बताया। साथ ही बताया कि उसकी पेंट की जेब में एक डेयरी है। जिसमें उसने सुसाइड करने के कारणों के बारे में लिखा है। सुसाइड नोट में लिखा है कि मैं प्रमोद अपने होश में यह बता रहा हूं कि मैं कंपनी बिगो वुड में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता हूं। मंगलवार को मैं अपनी ड्यूटी पर था। उस रात लिफ्ट वाला सन्नी, ऑपरेटर शौकिन, फिटर विक्की और सन्नी ने फुल दारू पिया था। जब सुबह हुई तो सन्नी मेरे पास आकर बोला कि मेरा पर्स चोरी हुआ है।
जबकि मेरा उसके पर्स से कोई लेना देना नहीं। आज फिर उसे कंपनी बुलाया गया। कहा कि आपने चोरी की। लेकिन मैं अपने बच्चों की कसम खाता हूं कि मैंने चोरी नहीं की। मैडम ने भी मेरा साथ नहीं दिया। 5.15 पर मैं कंपनी गया। लेकिन वहां मेरी कोई सुनवाई नहीं हुई। मैंने विक्की शौकिन की वीडियो बनाई थी तो उन लोगों ने बुलवाकर मुझे बहुत पीटा। मैंने मैडम को बोला तो मैडम ने भी मेरी पूरी बात नहीं सुनी। उन लोगों ने उसे पूरी लेबर के सामने पीटा। अपनी इज्जत की खातिर मैं मरने जा रहा हूं। मेरे मरने का कारण विक्की, शौकिन, मैनेजर और मैडम है।
वीरवार रात उनके पास प्रमोद की जहर खाने से मौत होने की सूचना आई थी। मृतक के भाई ने फैक्टरी की मालकिन, मैनेजर व चार-पांच अन्य पर मारपीट करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। मामले में सभी आरोपियों पर मारपीट व आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। हत्या के आरोपों की जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की वजह का पता चलेगा। -भूपेंद्र राणा, एसएचओ, थाना बूड़िया।