हरियाणा के यमुनानगर में तेजली खेल परिसर में बनी सालों पुरानी पीर की मजार को शनिवार की रात शरारती तत्वों द्वारा तोड़ दिया गया। सुबह सेवादार अमरजीत जब मजार पर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
सेवादार अमरजीत ने बताया कि वह 14 साल से इस मजार की सेवा करते आ रहे हैं। रोजाना वे मजार पर आकर साफ-सफाई और पूजा करते हैं। रविवार सुबह आठ बजे मजार पर आए तो टूटी मिली। उन्होंने बताया कि मजार में आस्था होने के चलते आसपास एरिया के काफी लोग माथा टेकने के लिए आते हैं।
इससे पहले भी इस मजार को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया जा चुका है। यही कारण है कि जब आसपास के लोगों को इसके बारे में पता चला तो वे मौके पर पहुंचे। मजार की हालत को देखकर आक्रोशित हो उठे। लोगों का कहना था वे रोजाना तेजली खेल परिसर में सैर करने के लिए आते हैं और इस मजार में उनकी काफी आस्था है।
मामला तूल पकड़ता देख अर्जुन नगर पुलिस चौकी को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने किसी तरह से सेवादार और लोगों को समझाया और मामले को शांत करवाया। इसके बाद सेवादार अमरजीत ने पुलिस को लिखित में शिकायत दी।