अवैध खनन और ऑवरलोड वाहनों पर मंत्री विज हुए तल्ख
बोले, कहीं भी अवैध खनन होने व शहर में ऑवरलोड वाहन घुसने पर नपेंगे संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी
जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में खनन, आरटीए व पुलिस विभाग को दिए सख्त दिशा-निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। जिले में कहीं भी अवैध खनन होने और शहर में ऑवरलोड वाहन घुसने पर संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह बात स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री अनिल विज ने पुलिस समेत आरटीए और खनन विभाग को सख्त निर्देश जारी करते हुए कही। विज शुक्रवार को लघु सचिवालय में हुई जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में पहुंचे। उन्होंने बैठक में रखे 13 परिवादों में नौ का मौके पर निपटारा किया वहीं, चार को अगली बैठक तक पेंडिंग रखने के निर्देश दिए।
बैठक में मंत्री विज के समक्ष नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर पवन बिट्टू ने मांग रखी की शहर में घुसने वाले ओवरलोडिड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस पर विज ने निर्देश दिए कि किसी भी ओवरलोडिड वाहन को शहरी क्षेत्र में न घुसने दिया जाए। ऐसे वाहनों के मालिकों व चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने खनन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में कहीं भी क्षेत्र में अवैध खनन न होने दें। यदि किसी क्षेत्र में अवैध खनन होगा तो खनन विभाग के साथ अन्य विभागों के जिम्मेवार अधिकारियों व कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री अनिल विज के साथ बैठक में सीपीएस एवं रादौर विधायक श्याम सिंह राणा, डीसी रोहतास सिंह खरब, एडीसी डॉ. शालीन, एसपी राजेश कालिया, नगर निगम कमिश्नर गिरीश अरोड़ा, जगाधरी एसडीएम भारतभूषण कौशिक व व बिलासपुर एसडीएम नवीन आहूजा सहित सभी अधिकारी तथा कष्ट निवारण समिति के गैर-सरकारी सदस्य, भाजपा नेतागण व परिवादी मौजूद रहे।
-मंत्री विज ने सवा घंटे में किया नौ परिवादों को निपटारा-
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अनिल विज के समक्ष पहले से ही निर्धारित 13 परिवाद रखे गए। इनमें से उन्होंने नौ परिवादों का निपटारा मौके पर ही कर दिया। जबकि चार परिवादों को आगामी बैठक तक लंबित रखने के निर्देश दिए। निपटाए गए नौ परिवादों में शिकायतकर्ता बिच्छा राम निवासी गांव देवधर, परमजीत कौर निवासी गांव जुडा शेखान, लज्जा राम निवासी गांव ठसका, मनभरी देवी निवासी गांव खनपुरा, बलबीर सिंह निवासी तेजली, रौनकी राम निवासी नगला खालसा, बलविंद्र कुमार निवासी शाहपुर, गगन प्रताप निवासी कठगढ़ तथा अशोक कुमार निवासी गुमथला राव के परिवाद शामिल रहे।
अपाहिज महिला की शिकायत पर धोखाधड़ी का केस दर्ज करने के आदेश:
बैठक में निपटाए गए एक परिवाद में गांव जुडाशेखान निवासी अपाहिज महिला परमजीत कौर ने विज के समक्ष अपनी शिकायत में कहा कि कपालमोचन मेले के दौरान वहां जाट धर्मशाला की दुकानों के लिए उसके द्वारा एक लाख 40 हजार रुपये दिए गए थे, किंतु मेला लगने पर संस्था ने उन्हें दुकानें नहीं दी और न ही दी गई राशि लौटाई। इस पर विज ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि जिन लोगों ने इस महिला के साथ धोखाधड़ी की है, उन लोगों के खिलाफ शीघ्र केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करे। इसी तरह अन्य परिवाद में गांव शाहपुर निवासी बलविंद्र कुमार की शिकायत का निपटारा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि आरोपी बनारसी दास पर दो जगहों पर राशन कार्ड बनवाने के जुर्म में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। गगन प्रताप सिंह निवासी काठगढ़ की शिकायत का निपटारा करते हुए विज ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाड़ क्षेत्र में बनाए गए डैमों की शीघ्र मरम्मत कराएं, ताकि लोगों विशेषकर किसानों को इन डैमों से अपने खेतों की सिंचाई की बराबर रूप से सुविधाएं मिलती रहे।
ये चार परिवाद रखे अगली बैठक तक पेंडिंग:
बैठक में जिन परिवादों का निपटारा नहीं हो सका और उन्हें अगली बैठक तक के लिए लंबित रखा गया। उनमें शिकायत कर्ता विकास निवासी गोमती मोहल्ला जगाधरी, प्रताप सिंह निवासी ममीदी, वरिंद्र कुमार निवासी गढ़ीमुंडो जगाधरी, मुकेश दाबड़ा निवासी चोपड़ा गार्डन यमुनानगर के परिवाद शामिल हैं। परिवादी वरिंद्र कुमार की शिकायत पर विज ने उसके प्लाट की दोबारा निशानदेही के निर्देश दिए, जिसमें राजस्व विभाग के निशानदेही करने वाले अधिकारियों के साथ मौके पर जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति के सदस्य राकेश त्यागी व दाता राम उपस्थित रहेंगे। इसी तरह विज ने एडीसी को मुकेश दाबड़ा की शिकायत की हर प्रकार से दोबारा जांच करने के आदेश दिए।