फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haryana: जहरीली शराब पीने से तीन और मौत, यमुनानगर और अंबाला में 20 हुई मृतकों की संख्या

Sat, 11 Nov 2023 09:19 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, अंबाला, यमुनानगर (हरियाणा)

सार

यमुनानगर में 18 और अंबाला में दो की जान गई है। पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि यमुनानगर में पुलिस ने जहरीली शराब से 16 मौतों की ही पुष्टि की है। 
विज्ञापन
मृतक परमजीत उर्फ पम्मी। मृतक अरुण। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के यमुनानगर में जहरीली शराब पीकर मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जिले में चौथे दिन भी जहरीली शराब पीने से तीन लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में जहरीली शराब पीकर मरने वालों की संख्या 18 हो चुकी है, हालांकि पुलिस ने जहरीली शराब से 16 मौतों की ही पुष्टि की है। इसके अलावा जहरीली शराब फैक्ट्री के दो कारिंदों की अंबाला में भी मौत हो चुकी है, यानी मृतकों की संख्या 20 तक पहुंच गई है।

विज्ञापन


चौथे दिन शनिवार को जहरीली शराब पीने से जान गंवाने वालों में सारन गांव के अजमेर-70 और परमजीत-45 शामिल हैं, जबकि पंजेटो का माजरा गांव में अरुण उर्फ विक्की-32 की भी मौत हुई है। तीनों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। उधर, पुलिस ने जहरीली शराब प्रकरण में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इनकी पहचान मंडेबरी के रमेश और कूलपुर गांव के प्रदीप के रूप में हुई। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि रमेश अपने गांव में ही शराब बेचता था, जबकि प्रदीप मुलाना के बिंजलपुर में पकड़ी गई नकली शराब की फैक्ट्री से ठेकों पर शराब सप्लाई करने वालों में शामिल था।
विज्ञापन


इस मामले में अभी तक नौ गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस के अनुसार, जहरीली शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने से चार लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि मौत का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है। वहीं उपमंडल बिलासपुर के मंगलौर गांव के रिशिपाल और पंजेटो का माजरा निवासी अरुण-32 का शव शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा तो गांव में मातम छा गया।

हिमाचल, पंजाब और यूपी पुलिस से भी शेयर की गई डिटेल
जहरीली शराब पीने से हो रही मौत के बाद यमुनानगर पुलिस ने जांच का दायरा भी बढ़ाया है। इसके लिए पुलिस ने 10 टीमों का गठन किया है। यमुनानगर व अंबाला के अलावा अब हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश व पंजाब पुलिस के साथ भी नकली शराब बनाने वालों की डिटेल शेयर की गई है।

काफी समय से गांव में बिक रही थी शराब, पहले चेतते तो नहीं जाती लोगों की जान
सारन गांव के लोगों का कहना है कि गांव में पांच से छह लोग लंबे समय से अवैध रूप से शराब बेच रहे थे। इनके खिलाफ पहले भी लोगों ने पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन हर बार आरोपी जुर्माना भर कर छूट जाते थे। यदि समय रहते इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई होती तो आज गांव में इतनी मौत नहीं होती।

अब तक 16 की मौत की जानकारी, दो और गिरफ्तारी : हिमाद्री कौशिक
यमुनानगर की एएसपी हिमाद्री कौशिक का कहना है कि पहले से गिरफ्तार सात आरोपियों से की गई पूछताछ के बाद दो और गिरफ्तारियां हुई हैं। वहीं अब तक 16 लोगों की मौत की सूचना आई है। पुलिस ने आसपास के राज्यों की पुलिस से भी मामले की डिटेल शेयर की है ताकि इस पूरे गिरोह को पकड़ा जा सके। जिन ठेकों पर मिलावटी शराब होने का शक था उन्हें सील किया जा चुका है। बेवजह किसी को परेशान नहीं किया जाएगा।

हर संभव मदद देने के लिए सीएम से करूंगा बात : कंवरपाल
शिक्षामंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि जहरीली शराब से इस तरह की यह जिले की अब तक की सबसे बड़ी घटना है। पूरे जिले के लोगों की संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। शराब के ठेकों में स्टॉक की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद का प्रयास किया जाएगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री मनोहर लाल से बात कर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें