यमुनानगर/रादौर। कस्बा रादौर में स्टाल लगाकर आयुर्वेदिक दवाइयां बेंच रहे दो युवकों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर आकर पकड़ा। उनसे बरामद दवाइयां सील कर दी गई। दवा के सैंपल लैब में जांच के लिए भेजे गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली कि दो दिनों से कुछ युवक बुबका चौक व बस स्टैंड रादौर पर स्टॉल लगाकर दवाइयां बेच रहे हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग रादौर के डॉक्टर कुलप्रीत सुरा विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंची और दवाइयां बेच रहे युवकों से पूछताछ की। डॉ. कुलप्रीत सुरा ने युवकों से दवाइयां बेंचने की अनुमति दिखाने को कहा। लेकिन उनके पास दवाइयों की बिक्री से संबंधित कोई अनुमति पत्र नहीं था। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने उनकी दवाइयों के स्टाक को जब्त कर लिया। टीम ने उनकी दवाइयों के सैंपल लेकर उसे जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवा दिया। दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
वेलफेयर एसोसिएशन रादौर के प्रधान सुशील अग्रवाल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोग बिना सीएमओ की अनुमति के बुबका चौक व बस स्टैंड के पास आयुर्वेदिक दवाईयां बेच रहे हैं। एसोसिएशन के प्रधान सुशील अग्रवाल, सरदार त्रिलोचन सिंह टोची, अमित कांबोज, भाजपा नेता मंगतराम बठला व कुछ अन्य लोग मौके पर गए और मामले की जांच की। इसके बाद मामले की सूचना सीएमओ को दी गई। सीएमओ ने स्वास्थ्य विभाग रादौर के डॉक्टर कुलप्रीत सुरा को मामले की जांच के लिए मौके पर भेजा। प्रधान सुशील अग्रवाल ने बताया कि कड़ाके की धूप में दवाइयों को खुले में स्टॉल लगाकर बेचा जा रहा था। उधर, अस्तपाल की डॉक्टर कुलप्रीत सुरा ने बताया कि बिना अनुमति के कोई भी दवाईयां नहीं बेच सकता। पकड़े गए युवकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कस्बा रादौर में बिना अनुमति के कैंप लगाकर दवाईयां बेंचने का यह दूसरा मामला है, जिसमें स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। इससे कुछ महीने पहले शिव मंदिर धर्मशाला में भी कुछ लोगों ने ऐसे ही बिना अनुमति के शुगर की बीमारी को जड़ से समाप्त करने की बात कहकर कैंप लगाया था। बाद में वेलफेयर एसोसिएशन रादौर की ओर से इस बारे में शिकायत करने पर पुलिस व स्वास्थ्य विभाग ने उनके खिलाफ कार्रवाई की थी।
वर्जन::::::::
पकड़ी गई दवाईयों को जब्त कर सील कर दिया है। दवाई के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।
डॉ सुनील कांबोज, जिला आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी
वर्जन:::::
इस मामले में ड्रग इंस्पेक्टर से राय ली जा रही है। इसके बाद युवकों के खिलाफ आगामी कार्रवाई की जाएगी।
वीरेंद्र राणा, एसएचओ, थाना रादौर।