अंबाला में सैन्य क्षेत्र स्थित डेयरी फार्म के क्वार्टर में नकली कास्मेटिक सामान बनाने के आरोपी ने खुलासा किया है कि वह कच्चा माल दिल्ली व यूपी से लाता था। इसी पर पुलिस ने टीमें गठित कर उक्त राज्यों में भेजी हैं। उधर, पुलिस ने आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के रिमांड पर लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि कैंट के सेना क्षेत्र में ब्रांडेड कंपनियों के नकली कॉस्मेटिक सामान बनाने का भंडाफोड़ किया गया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी राजेश यादव को काबू किया। मौके से पुलिस व फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन विभाग को काफी सामान बरामद हुआ था। कईं घंटों तक चली इस रेड से अधिकारी भी हैरान थे कि आखिर कैसे इतने बड़े पैमाने पर यह गोरखधंधा किया जा रहा था।
उधर, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि नकली कास्मेटिक बनाने के लिए वह कच्चा माल उत्तर प्रदेश व दिल्ली से लाता है। पुलिस ने आरोपी के बताए ठिकानों पर दबिश करने के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। यह टीमें दिल्ली व यूपी में पहुंचकर आरोपी द्वारा बताए गए ठिकानों पर दबिश देंगी। आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
सेना भी हुई सतर्क
पुलिस की मानें, तो इस मामले में सेना भी सतर्क हो गई है। इस रेड के बाद सेना द्वारा आसपास के लोगों व एरिया पर पूरी तरह से नजर रखी जा रही है। लोगों में चर्चा है कि आखिरकार सैन्य क्षेत्र के क्वार्टर में काफी समय से नकली कास्मेटिक का गोदाम है और उस गोदाम में नियमित तौर पर कार्य भी किया जा रहा है। लेकिन इसके बावजूद इसकी भनक तक नहीं लगी।
इन सवालों का जवाब भी ढूंढेगी पुलिस
पुलिस ने आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस संबंध में पुलिस आरोपी से कईं बिंदुओं पर पूछताछ करेगी। यह नकली कास्मेटिक कहां पर सप्लाई किया जाता है, इस गोरखधंधे में कौन-कौन शामिल हैं, कितने सालों से यह गोरखधंधा चल रहा था, नकली माल की खपत करने वाले कौन हैं?
आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, जिस दौरान विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ की जानी है। इसके अलावा आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया है कि वह इसके लिए कच्चा माल दिल्ली और यूपी से लाता है। इसके लिए टीमें इन राज्यों में भेजी गई हैं, जबकि आगामी जांच जारी है।
- अजीत सिंह, एसएचओ, कैंट थाना