हरियाणा के यमुनानगर जिले के साढौरा क्षेत्र में साढौरा नदी पार स्थित खेत में बने ट्यूबवेल के कमरे की छत पर दंपती की लाठी और डंडों से पीट पीटकर हत्या कर दी गई। दंपती 20 दिन पहले ही बिहार के सीतामढ़ी जिले से मजदूरी करने के लिए आए थे। शनिवार को जब किसान अपने ट्यूबवेल पर आया तो उसे कमरे की छत पर दंपती के शव खून से लथपथ मिले।
डबल मर्डर होने की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर उप पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी ने सीआईए वन, सीआईए टू, सीन ऑफ क्राइम व डॉग स्क्वॉयड की टीमों के साथ मौके पर छानबीन की। आशंका जताई जा रही कि दंपती के साथ आए एक युवक ने ही वारदात को अंजाम दिया है। शक के आधार पर आरोपी युवक को नामजद करते हुए पुलिस ने अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
साढौरा की नई टोली कॉलोनी निवासी रामेश्वर दास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वन विभाग से सेवानिवृत्त है और खेतीबाड़ी करता है। साढौरा नदी पार उसके खेत हैं, जहां सिंचाई के लिए उसने ट्यूबवेल लगाया है। ट्यूबवेल पर ही एक कमरा बनाया हुआ है। करीब 20-25 दिन पहले बिहार के सीतामढ़ी जिले के गांव वलीपुर निवासी सुरेंद्र कुमार अपनी पत्नी रानी के साथ यहां मेहनत मजदूरी करने के लिए आया था।
दंपती उसके ट्यूबवेल पर बने कमरे में ही रहता था और आसपास के जमींदारों के यहां मजदूरी करता था। रामेश्वर ने बताया कि शनिवार की सुबह करीब दस बजे वह खेत में गया तो ट्यूबवेल के कमरे के बाहर महिला के जूते मिले। वहीं, कमरे के ऊपर जाने वाली सीढ़ियों पर दरी लटकी हुई थी।
उसने सुरेंद्र व रानी को आवाज दी, लेकिन किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद छत पर चढ़कर देखा तो वहां सुरेंद्र व उसकी पत्नी रानी के शव खून से लथपथ पड़े थे। उनके मुंह व सिर पर चोटों के निशान थे। पास में ही डंडा पड़ा हुआ था।
रामेश्वर दास ने बताया कि शुक्रवार को बिहार के सीतामढ़ी जिले के गांव मुराहा निवासी हरजिंद्र सिंह दंपती के पास आया था। हरजिंद्र को आसपास के जमींदारों ने भी देखा था। आरोप है कि हरजिंद्र ने किसी रंजिश में अपने साथियों के साथ मिलकर दंपती की लाठी व डंडों से बेरहमी से पीटकर हत्या की है। उप पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी का कहना है कि मामले में आरोपी हरजिंद्र सिंह को नामजद करते हुए अन्य पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।