जगाधरी पौंटा साहिब नेशनल हाईवे 73ए पर शुक्रवार को बुडिय़ा चौक के पास कार की टक्कर से मां-बेटे की मौत हो गई। दोनों मां-बेटा जगाधरी की विजय कॉलोनी के रहने वाले है और गुरुवार रात को बुडिय़ा में पीर की मजार पर मत्था टेकने के बाद घर लौट रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
विजय कालोनी निवासी रेखा (42) अपने बेटे सचिन (23) के साथ बाइक पर सवार होकर बुड़िया गांव में स्थित पीर पर माथा ठेकने गए थे। वह रात को वापस घर लौट रहे थे, जैसे ही वह नेशनल हाईवे 73ए स्थित बुड़िया चौक के पास पहुंचे पीछे से आ रही तेज गति कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना तेज था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और रेखा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। आस पास के लोगों ने घायल को शहर के ट्रॉमा सेंटर लाया। जहां उसकी हालत बिगड़ते देख डाक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पीजीआई ले जाते वक्त रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मां-बेटे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी।
कुछ ही सालों में पूरा परिवार खत्म
मृतका रेखा का पूरा परिवार कुछ ही सालों में खत्म हो गया। कुछ साल पहले जहां रेखा के पति की मौत हो गई थी। सचिन रेखा का इकलौता बेटा था। पति की मौत के बाद घर में मां बेटा की रह गए थे। अब सड़क हादसे में उनकी भी जान चली गई।
कुछ माह पूर्व महिला की गई थी जान
बुडिय़ा चौक पर इससे पहले भी कई बार हादसे हो चुके है। कुछ माह पूर्व ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की जान चली गई थी। नेशनल हाईवे के अलावा चौक से अमादलपुर रोड, बीकेडी मार्ग व जगाधरी बाजार में सड़क जाती है। चौक से पांच रास्ते निकलते है, उसके बावजूद यहां पर ना तो ट्रैफिक सिग्रल लगाए गए है और ना ही यातायात पुलिस तैनात है, जिसके चलते यहां हादसे होते रहते है।
बुडिय़ा चौकी प्रभारी का कहना है कि मामले में कार चालक के खिलाफ केस दर्जकर लिया गया है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कार की टक्कर से जीजा की मौत, साला घायल
यमुनानगर। उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ के गांव पंचाली निवासी मोहम्मद ममराज (35) अपने साले मुजफ्फरनगर के दबड़ी निवासी खुशी महोम्मद के भेड़थल गांव में लगी फैक्ट्री में काम करते थे। देर रात दोनों जीजा साला बाइक पर सवार होकर बिलासपुर से जगाधरी की ओर आ रहे थे, जैसे ही वह बटहेडी के पास पहुंचे तो पीछे से तेज गति से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में मोहम्मद ममराज की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायल खुशी महोम्मद को शहर के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया है। जहां वह उपचाराधीन है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी।