जगाधरी वर्कशाप। जोगिंद्र नगर में अर्थ की तार टूटने और बिजली के तारों के आपस में टकराने से जोरदार धमाका हुआ। इसकी आवाज सुनकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के निवासी घरों से बाहर आ गए। दर्जनभर घरों में बैक मारने से करंट दौड़ गया। इस दौरान सिलाई मशीन पर काम कर रहे कॉलोनी के टेलर की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक के परिजनों व निवासियों ने बिजली निगम के प्रति रोष जताते हुए मामले की जांच की मांग की। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जोगिंद्र नगर निवासी अमित ने बताया कि कॉलोनी में शनिवार सुबह अचानक एक जोरदार धमाके की आवाज आई। इस दौरान पेशे से दर्जी उनके भाई गुलशन घर पर इलेक्ट्रॉनिक सिलाई मशीन पर काम कर रहे थे, जिन्हें करंट का जोरदार झटका लगा। इससे पहले वह कुछ समझ पाते गुशलन की मौके पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना परिजनों की ओर से पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। घटना के बाद से मृतक के परिजनों व निवासियों में बिजली निगम के प्रति रोष है। उनकी मांग है कि मामले की जांच की जानी चाहिए, ताकि हादसे की वजह स्पष्ट हो सके।
सूचना मिलते ही मौके का मुआयना किया गया। अभी तक यही सामने आया है कि अर्थ की तार टूटने से करंट बैक हुआ। इसमें गुलशन नाम के व्यक्ति की मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
रामकुमार, जांच अधिकारी, गांधीनगर चौकी पुलिस।