शराब ठेकों से कैश कलेक्शन करने वाले कारिंदे से तीन बदमाशों ने आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। बैग ने छोड़ने पर आरोपियों ने उसके मुंह पर डंडा मारा। लहूलुहान होने पर बदमाश उसका नगदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। वारदात शुक्रवार सुबह करीब दस बजे छप्पर थाना क्षेत्र के गांव गधौला के पास की है। पुलिस ने मामले में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
जागधौली निवासी राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव के ही ऋषिपाल के पास शराब ठेकों से कैश कलेक्शन का काम करता है। शुक्रवार सुबह उसने मुस्तफाबाद क्षेत्र में शराब ठेके से डेढ़ लाख रुपये एकत्रित किए थे। यहां से पैसे लेकर वह मुस्तफाबाद की तरफ जा रहा था। सुबह करीब 10 बजे मुस्तफाबाद रोड पर जब वह गधौला के नजदीक पहुंचा तो सुनसान क्षेत्र में सड़क किनारे तीन युवक मुंह ढके हुए बैठे थे। जैसे ही वह उनके नजदीक पहुंचा तो तीनों युवक एकदम उठ खड़े हुए। जब उनके पास पहुंचा तो उनमें से एक युवक ने उसकी आंख में मिर्च पाउडर डाल दिया। आंखों में मिर्ची पाउडर गिरने से वह अनियंत्रित होकर गिर गया। बदमाशों ने उसके हाथ से कैश से भरा बैग छीनना चाहा, लेकिन उसने नहीं छोड़ा, इसपर बदमाशों ने उसके मुंह पर दाहिने साइड डंडा मार दिया। इससे वह लहूलुहान हो गया। बदमाशों ने इस दौरान उसके पास से बैग लिया और वहां से खेतों के रास्ते फरार हो गए। मौके पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। उसने इसकी सूचना अपने मालिक ऋषिपाल को फोन पर दी। लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे उपचार दिया गया। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
आरोपियों को पहले से मालूम था कैश लेकर आ रहा कारिंदा :
पीड़ित राजेश के अनुसार आरोपी युवक पहले से सड़क किनारे मुंह पर कपड़ा लपेटे बैठे हुए थे। इससे सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि आरोपियों को पहले से मालूम था कि राजेश के पास कैश है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने उसकी रेकी की। इसके बाद प्लानिंग के तहत वारदात को अंजाम दिया गया।
गधोला के पास हुई लूट की सूचना मिलने पर वे मौके पर गए थे। मामले में पुलिस ने अज्ञात युवकों पर केस दर्जकर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- ललित कुमार, एसएचओ, थाना छप्पर।