रादौर बस स्टैंड के पास 27 जनवरी को हुई दीपक कॉलोनी निवासी सोनू यादव की हत्या के मामले को सीआईए वन को ट्रांसफर कर दिया गया। सोनू के पिता राजकुमार ने आरोप लगाया है कि उन्हें शक है कि उसके बेटे की हत्या में उसकी पुत्रवधू और उसके मायके वालों का हाथ है। इसको लेकर उन्होंने शिकायत डीजीपी को दी थी। शुक्रवार को दोनों पक्षों को सीआईए में बुलाया गया। वहां पर दोनों पक्षों से केस के संबंध में जानकारी जुटाई गई।
सीआईए वन इंचार्ज महावीर सिंह का कहना है कि इस मामले में गहनता से जांच शुरू कर दी है। निष्पक्ष जांच की जा रही है। दोनों पक्षों को बुलाकर जानकारी ली गई है।
परिजनों ने ये दी शिकायत
रादौर दीपक कॉलोनी निवासी राजकुमार ने रादौर पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी बेटा सोनू 27 जनवरी को शाम को घर से दुकान पर सामान लेने के लिए गया था। सामान लेकर वह घर वापस नहीं आया। उन्होंने उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। बाद में उसे पता चला कि उसके बेटे को किसी ने अगवा किया था और मारपीट करने के बाद स्वीफ्ट कार से पुनिया ऑटो मोबाइल के सामने फेंक गए। कार से फेंकने की सीसीटीवी फुटेज है। हालांकि इसमें कार का नंबर नजर नहीं आ रहा है। परिवार का कहना है कि इस मामले में शुरू से ही पुलिस ने ठीक कार्रवाई नहीं की। इसलिए अब तक हत्या करने वालों का पता नहीं चल पाया। वे कई जगह इसको लेकर शिकायत दे चुके हैं।