यमुनानगर। रेलवे कॉलोनी में रेलवे कर्मचारी के घर के दरवाजा तोड़कर चोर तीस चांदी के सिक्के समेत करीब एक लाख रुपये के गहने चोरी कर ले गए। चोरी के समय रेलवे कर्मचारी अपनी बुआ के पास गई हुई थी। वहीं, उसके पिता हिमाचल प्रदेश के सोलन में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में गए थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
रेलवे कॉलोनी निवासी अंजली ने बताया कि वह रेलवे वर्कशाप में नौकरी करती है। चार मई को दोपहर बाद करीब तीन बजे बजे वह अपनी बुआ के पास नारायणगढ़ चली गई थी। उसके पिता राधा स्वामी सत्संग सोलन हिमाचल प्रदेश में चले गए थे। सोमवार सुबह उसकी पड़ोसन रीटा ने उन्हें फोन करके बताया कि आपके घर का दरवाजा टूटा हुआ है और आपके घर में चोरी हो गई है। इसी सूचना पर वह अपनी बुआ को लेकर अपने घर पर पहुंची। उसने देखा कि घर का पिछला दरवाजा टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा हुआ था। कमरे में रखी अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था। जबकि सामान कमरे में इधर उधर पड़ा हुआ था। उसने अपने घर का सामान संभाला। जांच करने पर अलमारी से एक सोने की चेन, एक सोने की टिक्की, एक जोड़ी टॉप्स, एक जोड़ी बाली सोना, एक महिला व एक पुरुष रिंग, चांदी की सात जोड़ी पाजेब, 30 चांदी के सिक्के गायब थे। आरोप है कि पांच मई की रात को अज्ञात व्यक्तियों ने उसके घर का दरवाजा तोड़ कर चोरी कर लिए। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की।
जांच अधिकारी राजीव कुमार का कहना है कि पुलिस ने अंजली की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।