पिस्टल के बल पर ट्यूबवेल में बंधक बनाकर युवक को पीटने के आरोप में पांच लोगों पर केस
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। कलानौर बस स्टॉप के पास से दुकानदार को पिस्टल दिखाकर अगवा कर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने आरोपी छतरपाल, संजू, रोहित, राहुल, नवदीप व मनोज को नामजद करते हुए कुछ अन्य पर केस दर्ज किया है।
ये दी थी शिकायत :
कलानौर निवासी अंकित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी कलानौर बस स्टॉप पर बिजली के सामान की दुकान है। चार फरवरी को शाम के समय वह सामान लेने के लिए निकला था। उसके साथ उसका एक साथी भी था। सामान लेने के लिए जब वे दोनों सड़क पर खड़े ही थे कि वहां पर आरोपी छतरपाल, संजू, रोहित, राहुल, नवदीप व मनोज आ गए। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर उसे कार में डाल लिया। आरोपियों ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। इसके बाद आरोपी उसे खेत में बने एक ट्यूबवेल में ले गए। जहां आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद वहां पर उनके कुछ और साथी भी आ गए। जिनके हाथों में डंडे, तलवारे व अन्य हथियार थे। आरोप है कि आरोपियों ने उसके हाथ पैर बांधकर उसके मुंह में जबरन शराब डाली। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके ऊपर पेशाब किया और पिस्टल दिखाकर जातिसूचक शब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपियों ने उसे डंडों से पीटा।
वर्जन
कलानौर चौकी इंचार्ज ईश्वर सिंह का कहना है कि मामले में अंकित की शिकायत पर पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष की भी शिकायत आई है। जिसकी जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में अंकित द्वारा आठ हजार रुपये छीनने की बात साबित नहीं हो पाई है। मामले की जांच की जा रही है।