मारपीट कर व्यक्ति से तीन युवकों ने छीने दस हजार रुपये और मोबाइल
अमर उजाला ब्यूूरो
यमुनानगर।
फर्कपुर के गांधी नगर में रेलवे पुलिया के नजदीक तीन युवकों ने व्यक्ति से मोबाइल और दस हजार रुपये की नकदी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रेलवे लाइन से होते हुए फरार हो गए। व्यक्ति ने शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
पृथ्वी नगर निवासी सन्नी तिवारी ने फर्कपुर पुलिस को शिकायत दी है कि वह दोपहर बाद पैदल ही अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह गांधी नगर में रेलवे पुलिया के पास पहुंचा तो वहां पर तीन युवक खड़े थे। उन्होंने उसे रोक लिया। इस दौरान उन्होंने मारपीट करते हुए उससे मोबाइल और दस हजार रुपये छीन लिए। उसने शोर भी मचाया, लेकिन आसपास कोई भी व्यक्ति न होने से कोई नहीं आया। तीनों आरोपी मौके से मोबाइल और पैसे लेकर फरार हो गए। वह अपने घर गया और इसके बाद पुलिस को शिकायत देने पहुंचा। फर्कपुर पुलिस ने व्यक्ति की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों का पता नहीं चल पाया है।
जांच अधिकारी एसआई रमेश कुमार का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार किया जाएगा।