पब्लिक हेल्थ कार्यालय में संदिग्ध हालात में युवती की मौत, चौकीदार के कमरे में मिला शव
प्रेम प्रसंग के चलते मौत होने की आशंका, विभाग के पेट्रोल मैन पर शक की सुई
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर।
पब्लिक हेल्थ कार्यालय के चौकीदार के कमरे में एक युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवती का शव नीचे पड़ा हुआ था और उसके गले में चुन्नी का फंदा था। युवती को शहर के निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। युवती की मौत के बाद से पब्लिक हेल्थ में पेट्रोल मैन पद पर तैनात एक युवक फरार बताया जा रहा है। शक की सुई उसी युवक पर जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि इसी युवक से प्रेम प्रसंग के चलते युवती की मौत हुई। हालांकि देर शाम तक मृतक युवती के परिजनों ने पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी थी। पुलिस युवती के परिजनों की शिकायत आने के बाद आगामी कार्रवाई करने की बात कह रही है।
पब्लिक हेल्थ के एक्सईएन को गुरुवार दोपहर सूचना मिली थी कि कार्यालय में एक युवती ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया है। जब एक्सईएन मौके पर पहुंचे तो कार्यालय में चौकीदार के कमरे में करीब 25 वर्षीय युवती अचेत हालत में पड़ी हुई थी। उसके गले के पास चुन्नी थी। छत पर पंखे में चुन्नी लटकाई गई थी। एक्सईएन ने अपने ड्राइवर को बोल कर युवती को निजी अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसका चेकअप कर मृत बताया। युवती की शिनाख्त चांदपुर निवासी के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि युवती का विभाग के एक पेट्रोल मैन के साथ प्रेम प्रंसग था। पेट्रोल मैन का पिता भी कार्यालय में ही चौकीदार है। लेकिन अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई की लड़की कार्यालय में कैसे पहुंची। सूचना मिलने पर मृतक युवती के मां व अन्य परिजन निजी अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने शव को देख उसकी शिनाख्त की। लेकिन कोई भी परिजन इस बारे में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया हुआ है।
वर्जन
युवती की मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। लेकिन तब तक युवती को अस्पताल ले जा चुके थे। मौके से चुन्नी बरामद की गई है। शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है। अभी तक उनके पास मृतक युवती के परिजन नहीं आए है। न ही उन्होंने कोई शिकायत दी है। जो शिकायत परिजन देंगे। उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
- इंस्पेक्टर नरेंद्र राणा, एसएचओ, थाना सिटी यमुनानगर।
फोटो : 48 व 49