ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत
त्रिकोणी चौक से कैल तक बने नए बाईपास पर तेलीपुरा के पास हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। दादूपुर नलवी नहर के साथ त्रिकोणी चौक से कैल तक बने नए बाईपास पर तेलीपुरा के पास ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों को पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मुखर्जी पार्क जगाधरी निवासी हेमलता ने पुलिस बयान में बताया कि उसके पति नरेश कुमार (42) व उसके साथ दो अन्य व्यक्ति बाइक पर त्रिकोनी चौक से कैल बाईपास रोड पर गुलाब नगर की तरफ जा रहे थे। उनके पीछे वह और उनका लड़का दीपक भी बाइक पर पीछे-पीछे जा रहे थे। बाईपास पर जब वे तेलीपुरा मोड़ के पास पहुंचे तो सामने से एक चालक ने ट्रक से उसके पति की बाइक को टक्कर मार दी। नरेश कुमार के सिर व अन्य स्थानों पर चोटें लगी और बाइक पर सवार दो अन्य लोगों की भी टांगों और अन्य स्थानों पर चोटें लगीं। इलाज के दौरान ही उसके पति की मौत हो गई। घायलों को चिकित्सकों ने पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।