दुकान का ताला तोड़कर हजारों रुपये का सामान चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। चोरों ने ससौली रोड स्थित वेल्डिंग की दुकान का ताला तोड़कर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
अमरपुरी कालोनी निवासी दिलशाद ने फर्कपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी ससौली रोड पर वेल्डिंग की दुकान है। वह प्रतिदिन की तरह दुकान को देर शाम बंद करके घर आ गया था। सुबह जब वह दुकान पर पहुंचा तो शटर का लगा ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर दुकान से वेल्डिंग सेट, चार ग्रेंडर, हमब्रिंग मशीन तथा 40 किलो लोहा गायब मिला। चोरी हुए सामान की कीमत करीब 25 हजार रुपये है। उसने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
चोरों ने टाटा पिकअप व तीन बाइक चुराई
यमुनानगर। चोरों ने अलग-अलग स्थानों से टाटा पिकअप व तीन बाइक चोरी कर ली। पुलिस ने सभी मामलों की जांच के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
खेड़ा मोहल्ला बिलासपुर निवासी मनोज ने बताया कि वह टाटा पिकअप चलाता है। 20 जून को उसने काम से लौटकर टाटा पिकअप को साढौरा-बिलासपुर रोड पर खड़ी कर दी। जब सुबह जब वापस आया तो वहां से टाटा पिकअप गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी उसका कुछ भी पता नहीं चला। उसने वाहन चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई शुरू कर दी।
वहीं, पुराना हमीदा निवासी नगीना सिंह ने बताया कि वह एक्टिवा पर सवार होकर शहर के कमानी चौक पर किसी काम से गया था। उसने एक्टिवा सड़क किनारे खड़ी कर दी। कुछ देर बाद जब वह वापस आया तो वहां से उसकी एक्टिवा गायब थी। उसने एक्टिवा की काफी तलाश की लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चला। उसने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। इसी प्रकार चोरों ने किशनपुरा निवासी सुनील कुमार की बाइक को गांव खिजरी स्थित लाला वाला पीर तथा करतारपुर निवासी सुखदेव सिंह की बाइक को गांव नाचरौन से चोरी कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई शुरू कर दी।