हाइटेंशन तारों से टकराया बॉयलर लदा ट्रॉला, झटका लगने से टायर के आगे गिरकर जिंदा जला क्लीनर
अमादलपुर रोड की घटना, दो घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस
महाराष्ट्र के बापी से बॉयलर लेकर पांसरा प्लाइवुड में आ रहा था ट्रॉला
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। महाराष्ट्र के वापी से बॉयलर लेकर पांसरा स्थित प्लाइवुड फैक्टरी में लेकर जा रहा ट्रॉला अमादलपुर रोड पर हाइटेंशन तारों से टकरा गया। क्लीनर जैसे ही ट्रॉला में चढने लगा तो झटका लगने से नीचे गिर गया। ट्रॉला से टच करने पर क्लीनर व ट्रॉला के टायर में आग लग गई। इससे क्लीनर जिंदा जल गया। सूचना मिलने पर पुलिस व बिजली निगम की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस के माध्यम से शव को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया।
महाराष्ट्र के सुलतानपुर जिले के गांव दोस्तपुर बभनगवां निवासी तरूण कुमार बड़ोदरा में आदित्य ट्रांसपोर्ट के पास ड्राइवर है। ट्रांसपोर्ट पर एक माह पहले ही अंबेडकर नगर जिले के गांव रामपुर शंकरबारी निवासी राज (17) क्लीनर लगा था। 18 जून को तरूण व राज महाराष्ट्र के वापी से ट्रॉले में बॉयलर लोड करके यमुनानगर के लिए निकले थे। यहां पांसरा के नजदीक स्मार्ट प्लाइवुड में बॉयलर सप्लाई किया जाना था। तरूण के अनुसार यमुनानगर में आते ही वे रास्ता भटक कर बुड़िया चौक पहुंच गए। यहां से किसी ने उन्हें अमादलपुर रोड से पांसरा जाने का रास्ता बताया। वे अमादलपुर रोड पर बुड़िया चौक से मात्र आधा किलोमीटर ही चले थे। रास्ते में भगवानगढ़ से पहले प्लाई फैक्टरी के पास सड़क पर बिजली के तार लटके हुए थे। सड़क के एक छोर से दूसरे छोर पर फैक्टरी में बिजली सप्लाई की जा रही थी। उसने क्लीनर राज को नीचे उतारकर बॉयलर से तार टकराने को देखने का कहा। क्लीनर से नीचे उतरकर रबड़ चढ़ी तार को उठा दिया। तार उठाने के बाद ट्रॉला चलाने लगा तो हाइटेंशन तार बॉयलर से टच हो गई। ट्रॉला धीमी गति से चल रहा था। जैसे ही क्लीनर राज खिड़की पकड़कर चढ़ने लगा तो उसे करंट का झटका लगा। झटका लगते ही वह नीचे गिर गया। नीचे गिरते ही उसका सिर अगले पहिये के नीचे आ गया। जैसे ही ट्रॉला उससे टच हुआ तो आग लग गई। आग लगते ही क्लीनर चिल्लाने लगा। देखते ही देखते आग से क्लीनर जिंदा जल गया। आग लगने से ट्रॉले का अगला पहिया भी जल गया।
--------------------------------------
जिंदा जलता रहा क्लीनर, लोग बनाते रहे वीडियो, आग बुझाने का नहीं किया किसी ने प्रयास : ट्रॉले से टच होने पर क्लीनर में लगी आग को बुझाने के लिए किसी ने प्रयास नहीं किया। लोग तमाशबीन होकर जिंदा जल रहे क्लीनर को देखते रहे। कुछ लोग अपने फोन से जल रहे क्लीनर की वीडियो बनाते रहे। लेकिन उसे बचाने के लिए कोई प्रयास नहीं किए। देखते ही देखते क्लीनर जिंदा जल गया। इसके बाद लोगों ने सूचना दमकल विभाग व बिजली निगम कार्यालय में दी। बिजली निगम ने लाइन को फीडर से बंद किया। सूचना मिलने पर दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग को बुझाया।
दो घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस : अमादलपुर रोड पर सोमवार सुबह करीब 11 बजे ट्रॉले का क्लीनर करंट लगने से जिंदा जल गया। पुलिस के मुताबिक एंबुलेंस कंट्रोल रूम में हादसे के तुरंत बाद सूचना दे दी गई थी। लेकिन एक बजे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। आग लगने से मृतक का शव बुरी तरह झुलस गया था। उसका सिर भी फट चुका था। लोगों ने शव को कपड़े से ढक दिया। लेकिन करीब दो घंटे तक ट्रॉला व शव सड़क पर ही पड़ा रहा। बाद में पुलिस ने अपनी एंबुलेंस के माध्यम से शव को अस्पताल पहुंचाया।
15 सौ किलोमीटर दूर खींच लाई मौत : मौत अपनी जगह स्वयं ही इंसान को खींच कर लाती है। ऐसा ही अमादलपुर रोड पर हुआ। जहां करीब 15 सौ किलोमीटर दूर गुजरात के वापी से ट्रॉला लेकर चले राज के साथ हुआ। यमुनानगर आकर ट्रॉला चालक तरूण रास्ता भटक गया और पांसरा जाने की बजाए अमादलपुर रोड पर आ गया। जहां तारों से टकराकर हादसा हो गया और राज जिंदा जल गया।
बिजली निगम समय पर पोल ऊंचे करवा देता तो शायद नहीं जाती राज की जान : कुछ साल पहले ही अमादलपुर रोड को करीब एक मीटर ऊंचा उठाकर निर्माण कराया गया था। लेकिन बिजली निगम द्वारा लगाए गए बिजली के तारों के पोल को ऊंचा नहीं उठाया गया। सड़क ऊंची होने से बिजली के तारों की ऊंचाई कम रह गई। नियम के अनुसार लिंक रोड पर नौ मीटर ऊंचे बिजली के पोल लगाए जाते हैं, लेकिन जिस पोल के तारों के टकराने से ट्रॉला में आग लगी, उस पोल की ऊंचाई सड़क ऊंची होने से घटकर केवल सात मीटर रह गई। यदि बिजली निगम समय रहते इन पोलों की ऊंचा उठवा देता तो शायद यह हादसा नहीं होता।
चालक पर लापरवाही का केस दर्ज : हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर तुरंत पहुंच गई थी। बिजली का तार देखने के लिए क्लीनर को नीचे उतारा गया था। जब क्लीनर दोबारा चढ़ने लगा तो बिजली का तार टच होने से झटका लगने पर वह ट्रॉले के पहिये के आगे गिर गया। सिर पर पहिया चढ़ गया, वहीं करंट लगने से उसमें आग लग गई। पुलिस ने मामले में चालक तरूण कुमार पर लापरवाही बरतने का केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
चरणजीत सिंह, जांच अधिकारी, बुड़िया गेट चौकी, जगाधरी।
जेई से मांगी गई है रिपोर्ट :
हादसे की सूचना पर मैं मौके पर गया था। तारे लूज नहीं हैं। पोल भी नियमानुसार लगाए गए हैं। ट्राले पर रखे बॉयलर की ऊंचाई काफी अधिक थी। यदि ट्रॉला चालक को यहां से वाहन निकालना था तो उन्हें सूचना देते, वे लाइन बंद करके कर्मचारी को मौके पर भेजते। पोलों की स्थिति देखने के लिए अमादलपुर रोड पर लाइन का सर्वे कराया जाएगा। जेई से जल्द से जल्द रिपोर्ट मांगी गई है। सर्वे होने के बाद जहां पोल नीचे होंगे, उच्चाधिकारियों से परमिशन लेकर ठीक करवाएं जाएंगे।
- सुखविंद्र सिंह, एसडीओ, सब अर्बन जगाधरी।
फोटो : 11 से 14