महिला ने जेठानी की बेटी की गर्दन काटी, मौत
यमुनानगर के मांडखेड़ी गांव की घटना, परिजन बता रहे महिला पर भूतप्रेत का साया था
यमुनानगर।
यमुनानगर के मांडखेडी गांव में एक महिला ने अपनी चार साल की भतीजी की छुरे से गर्दन काट कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी महिला अपनी बच्ची को लेकर वहां से भाग गई।
घटना के वक्त बच्ची की मां रजनी रसोई में काम कर रही थी। कुछ देर बाद जब वह कमरे में आई तो उसे अपनी बेटी खून से लथपथ बेड पर पड़े पाया। परिजन घायल बच्ची को ट्रामा सेंटर में लेकर आएं। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि कई दिन से आरोपी महिला पर भूतप्रेत का साया था और शुक्रवार को ही वह अपने मायके से लौटी थी।
मंडी खेड़ा गांव निवासी विजय ने बताया कि रात करीब सात बजे उसकी बेटी नंदिनी और छोटे भाई जयकुमार की लड़की बेड पर खेल रही थी। उसकी पत्नी रजनी घर का काम कर रही थी। इसी दौरान भाई की पत्नी पूजा कमरे में आई और उसने घर में रखे तेजधार छुरे से नंदिनी की गर्दन काट दी। वारदात को अंजाम देकर पूजा अपनी बेटी को लेकर वहां से भाग गई। इसी दौरान रजनी कमरे में लौटी तो उसे घटना का पता चला।
शुक्रवार को लौटी थी मायके से
विजय ने बताया कि वह बिजली निगम में प्राइवेट काम करता है। मंगलवार को पूजा की मां उसे व उसके पति जयकुमार को अपने साथ राजपुरा के कबूलपुर गांव में लेकर गई थी। दो दिन बाद उनका फोन आया था कि पूजा को भूत प्रेत की शिकायत है। इस पर वे शुक्रवार को उन्हें गांव में वापस ले आएं। यहां आने के बाद उसकी हरकतें देखकर ये नहीं था कि वह उनकी मासूम बच्ची का मर्डर कर देगी।
आरोपी को लिया हिरासत में
जगाधरी सदर थाना प्रभारी नवीन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मामले की जांच कर रही है। सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
मुझे नहीं पता कैसे, क्या हुआ
लोगों ने आरोपी महिला को पीछा करके पकड़ लिया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे नहीं पता कि यह कैसे हो गया। जब उसे सुध आई तब बच्ची की गर्दन कट गई थी।
फोटो नंबर 49, 50