साथी ने ही करवाई थी कंपनी के कस्टोडियन से लूट
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। गोबिंदपुरी रोड पर करीब डेढ़ माह पहले 16 दिसंबर को मोहाली की चैकमेट सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कस्टोडियन संजय से हुई 13.20 लाख की लूट उसके साथी कस्टोडियन जसविंद्र ने करवाई थी। जसविंद्र ने प्लानिंग के तहत अपने चचेरे और ममेरे भाइयों से लूट की वारदात को अंजाम दिलाया था। एक युवक से पीड़ित कस्टोडियन की रेकी करवाई। जब उसके पास नकदी लाखों में एकत्रित हो गई तो जसविंद्र ने अपने तीन अन्य साथियों को बाइक पर भेजकर लूट करवाई थी। यह खुलासा सीआईए टू द्वारा मुख्य आरोपी कस्टोडियन जसविंद्र व उसके तीन अन्य साथियों को गिरफ्तार करने के बाद हुआ। आरोपियों का एक साथी पहले से मारपीट के मामले में जेल में बंद है। जल्द अमीर बनने के लालच में आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
एसपी राजेश कालिया ने बताया कि बीते वर्ष 16 दिसंबर को गोविंदपुरी रोड के प्रोफेसर कॉलोनी मोड़ पर मोहाली की चैकमेट सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कस्टोडियन शादीपुर की रायपुर कॉलोनी निवासी संजय वर्मा से तीन युवकों ने मारपीट करके 13.20 लाख रुपयों से भरा हुआ बैग लूट लिया था। मामले में पुलिस ने उस समय अज्ञात पर केस दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे सुलझाने की जिम्मेवारी सीआईए टू इंचार्ज इंस्पेक्टर संदीप कुमार को सौंपी गई थी। वारदात को सुलझाने के लिए इंस्पेक्टर संदीप कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। इसमें एसआई मोहन लाल, एसआई सुखदेव सिंह, एएसआई रवि प्रकाश, एचसी राजेंद्र कुमार व सिपाही कुलदीप को शामिल किया गया।
इंस्पेक्टर संदीप को शनिवार देर शाम गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ पांसरा फाटक की तरफ आ रहा है। सूचना के आधार पर आरोपी को पांसरा फाटक के पास नाकाबंदी करके काबू किया गया। जिसकी पहचान शादीपुर के रामपुर माजरा निवासी जसविंद्र कुमार उर्फ बिंद्र के रूप में हुई। आरोपी जसविंद्र एलएंडटी कंपनी करनाल में कस्टोडियन था और यमुनानगर क्षेत्र में काम करता था। पूछताछ के दौरान आरोपी जसविंद ने बताया कि उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर 16 दिसंबर को गोविंदपुरी रोड प्रोफेसर कॉलोनी मोड़ पर अपने साथी कस्टोडियन संजय वर्मा से मारपीट कर लूट की थी।
थर्मल के पास से पकड़े तीन साथी
पूछताछ में आरोपी जसविंद्र ने बताया कि लूट की वारदात को अंजाम देेने वाले उसके तीन साथी इस समय दीनबंधु छोटूराम थर्मल पावर प्लांट के नजदीक लूट की वारदात की साजिश रच रहे हैं। सूचना के आधार पर सीआईए टू की टीम ने थर्मल पावर प्लांट के पीछे वाली सड़क पर लूट की साजिश रचते हुए तीनों आरोपियों को काबू किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जसविंद्र के चचेरे भाई रामपुर माजरा निवासी विकास, ममेरे भाई बरसान निवासी शुभम उर्फ मणी व गोविंदपुरा निवासी लवदीप उर्फ लद्दी के रूप में हुई।
आईटीआई में एक साथ पढ़े जेल में बंद शुभम व लवदीप
जसविंद्र ने पूछताछ में बताया कि उसका एक साथी कांजनू निवासी शुभम कांबोज इस समय लड़ाई झगड़ा व आर्म्स एक्ट के मामले में जिला जेल में बंद है। आरोपी लवदीप व जेल में बंद शुुभम आईटीआई यमुनानगर में एक साथ पढ़े हुए हैं। आरोपी शुुभम कांबोज को सोमवार को प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा। जिसके बाद अन्य खुलासे हो सकते हैं।
संजय के पास पैसे होने की जसविंद्र को थी पूरी जानकारी
सीआईए इंचार्ज संदीप ने बताया कि आरोपी जसविंद्र उर्फ बिंद्र पीड़ित कस्टोडियन संजय वर्मा का साथी था। जसविंद्र को उसके पास पैसे होने की पूरी जानकारी थी। कहां से उसने कितने पैसे लिए यह सब जानकारी जसविंद्र के पास थी। संजय की रैकी के लिए जसविंद्र ने अपने एक साथी को उसके पीछे लगाया हुआ था। जो पल की जानकारी जसविंद्र को दे रहा था। जिस समय आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया था, उस समय भी आरोपी जसविंद्र देसी कट्टे के साथ उनके आसपास ही था। आरोपियों ने कम समय में अमीर बनने के लिए वारदात को अंजाम दिया था।
पकड़े गए चारों आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश करके दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान लूटी गई नकदी व वारदात में प्रयुक्त किए गए हथियार व वाहन बरामद किए जाएंगे। वहीं, जेल में बंद पांचवें आरोपी को सोमवार को प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा।
- राजेश कालिया, एसपी यमुनानगर।
फोटो : 19