राखी बंधाने घर जा रहा युवक ट्रेन से गिरा, जान गई
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। राखी पर चंडीगढ़ से घर लौट रहा एक युवक ट्रेन से गिर गया। इसमें उसकी मौत हो गई। मुस्तफाबाद-दराजपुर के बीच रेलवे लाइन के पास शव पड़े होने की सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस ने फोन के जरिए शिनाख्त की। घरवालों ने बताया कि, युवक यहां एक फैक्ट्री में काम कर रहा था और छुट्टी पर रक्षाबंधन मनाने अपने घर यूपी के हरदोई जिले में आ रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रेन में भीड़ अधिक होने के कारण युवक चलती ट्रेन से मुस्तफाबाद-दराजपुर रेलवे स्टेशन के बीच गिरा। बाद में रेलवे पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
उत्तर प्रदेश के जिला हरदोई के गांव पेड़ियापुर निवासी टीटी (19) चंडीगढ़ के बलटाना में एक फैक्ट्री में कर्मचारी था। लंबे समय से यहां पर वह काम कर रहा था। रक्षाबंधन पर बहन से राखी बंधवाने के लिए वह शनिवार रात को चंडीगढ़ से रवाना हुआ। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से वह हरदोई के लिए ट्रेन में सवार हुआ था। बताया जा रहा है कि ट्रेन में काफी भीड़ थी। अंबाला रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में भीड़ और अधिक बढ़ गई। इससे युवक गेट पर खड़ा होना पड़ा। अंबाला से चलकर जब ट्रेन मुस्तफाबाद-दराजपुर रेलवे स्टेशन के बीच पहुंची तो टीटी चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे की सूचना रेलवे पुलिस को दी गई। सूचना पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची, मगर तब तक उसने दम तोड़ दिया था। इधर, शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दी गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मोबाइल से हुई शिनाख्त
शनिवार रात रेलवे पुलिस को सूचना मिली थी कि मुस्तफाबाद-दराजपुर रेलवे स्टेशन के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर जब पुलिस मौके पर गई तो उन्होंने देखा कि एक 18-19 वर्षीय युवक का शव पड़ा हुआ था। उसके पास से एक चंडीगढ़ से हरदोई का टिकट भी बरामद हुआ। मृतक के कपड़ों की तलाशी लेने पर उसके पास से मोबाइल मिला। जिसमें डायल नंबरों पर पुलिस ने बातचीत कर उसकी शिनाख्त टीटी के रूप में की।
रक्षाबंधन से एक दिन पहले ही छूटा भाई का साथ
मृतक के पिता अनार सिंह ने बताया कि शनिवार को ही टीटी ने अपनी बहन को फोन किया था। रविवार की छुट्टी होने पर रक्षाबंधन से एक दिन पहले ही घर पहुंचने की बात कही थी। लेकिन उन्हें क्या पता था कि रक्षाबंधन से एक दिन पहले ही बहन से भाई का साथ हमेशा के लिए छूट जाएगा। हादसे में हुई युवक की मौत के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।
ट्रेनों में भीड़ के चलते पहले भी कई बार हो चुके हादसे
अंबाला सहारनपुर रेलवे मार्ग पर ट्रेनों की संख्या कम होने के चलते इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों में अक्सर भीड़ देखी जा सकती है। त्योहारों के समय इन ट्रेनों में यात्रियों में करीब 50 प्रतिशत इजाफा हो जाता है। ऐसे में यात्रियों को गेट और शौचालयों में बैठकर सफर करना पड़ता है। सबसे अधिक दिक्कत महिलाओं व बच्चों को उठानी पड़ती है।
ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, नहीं हुई शिनाख्त
हमीदा फाटक के नजदीक रेलवे यार्ड के पास शनिवार शाम एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। रेलवे पुलिस के अनुसार शनिवार देर शाम उन्हें सूचना मिली थी कि हमीदा फाटक के पास रेलवे यार्ड में किसी व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते की पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्होंने देखा कि करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव क्षतविक्षत हालत में रेलवे लाइनों के बीच पड़ा हुआ था। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने आस पास के लोगों से उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस के अनुसार मृतक का सांवला रंग, लंबा चेहरे, कमीज मटियाला सफेद धारीदार पहना हुआ है।
रेलवे लाइनों पर दो अलग अलग स्थानों पर शव मिलने की सूचना पर रेलवे पुलिस ने मौके का मुआयना किया था। एक युवक की शिनाख्त उसके मोबाइल के आधार पर हो गई है। जबकि व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हुई है। उस शव को शिनाख्त के लिए पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है।
- सुरेश कुमार, एसएचओ, थाना जीआरपी यमुनानगर।