मिलावटी खोया और मिठाई के शक में गाड़ी पकड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। जगाधरी के बुड़िया चौक पर राजस्थान से सप्लाई के लिए आई मिठाई और खोए से भरी बोलेरो आम जनता पार्टी(आजपा) के प्रदेश अध्यक्ष ने पकड़ लिया। उनका आरोप है कि गाड़ी में मिलावटी खोया और मिठाई भरी हुई थी। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची, टीम ने मिठाइयों-खोया के सैंपल लेकर लैब में जांच के लिए भेज दिए। मिठाई और खोया नकली है या नहीं इसका पता सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
आम जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रभजीत सिंह लक्की ने बताया कि उन्हें काफी समय से सूचना मिल रही थी कि जिले में मिलावटी खोया सप्लाई हो रहा है। इसके लिए रेकी शुरू की गई तो गुरुवार को बुड़िया चुंगी के नजदीक खोया-मिठाई से भरी बोलेरो नजर आई गई। जब उसे रोका गया तो वाहन चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उसे पकड़ लिया। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। लक्की ने बताया कि उनके पास 80 से सौ रुपये प्रति किलो के हिसाब से खोया बेचे जाने की सूचना है। खरीदने के बाद मिठाई बनाने वाले इसे तीन सौ से चार सौ रुपये में बेच देते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंची। पुलिस ने मिठाई और खोये से भरे वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खोया और मिठाई के सैंपल लिए। पूछताछ में पता चला है कि, खोया-मावा राजस्थान से लाया जा रहा था।
पंचकूला भेजे जाएंगे सैंपल : सीएमओ
सीएमओ डा. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में है। सूचना पर डाक्टर पृथ्वी सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया है। उन्हें सैंपल लेने के लिए भेजा गया। सैंपल चंडीगढ़ और पंचकूला भेजे जाएंगे। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
बुड़िया गेट चौकी इंचार्ज लज्जा राम का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। गाड़ी से खोया के दो पीपे, 42 डिब्बे मिठाई बरामद किए गए हैं। सीएमओ द्वारा गठित टीम ने सैंपल ले लिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।