अंदर डीजीपी की मीटिंग चलती रही, बाहर महिला ने किया हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। लघु सचिवालय में शनिवार को जब डीजीपी पुलिस अधिकारियाें की मीटिंग ले रहे थे, इसी दौरान छेड़खानी के आरोपियों पर कार्रवाई न होने से खफा महिला ने हंगामा कर दिया। हंगामा देख मीटिंग में बैठी महिला थाना एसएचओ सहित तीन थाना प्रभारी बाहर आए और उन्हाेंने महिला व अन्य लोगों को समझाने का प्रयास किया। मामला डीजीपी तक न पहुंचे इसलिए पुलिस हंगामा कर रहे लोगों को किसी तरह समझाते हुए लघु सचिवालय से बाहर हाईवे पर ले गए और किसी तरह मामले को शांत किया।
फर्कपुर थाना क्षेत्र की गांधी नगर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी 13 वर्षीय बेटी क्षेत्र के निजी स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा है। 19 जुलाई को जब उसकी बेटी स्कूल जा रही थी तो कॉलोनी के ही दो युवक उसे अगवा करके कहीं ले गए थे। आरोपियों ने वहां पर उसके साथ छेड़खानी की। किसी तरह छात्रा उनके चंगुल से छुट कर भागी, घर आकर उसने सारी बात उन्हें बताई। परिजनों ने बताया कि 19 जुलाई को ही इसकी शिकायत गांधी नगर चौकी में दी गई थी। लेकिन पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं। जब भी वे चौकी में जाते हैं तो उन्हें टरका दिया जाता है। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर वे डीजीपी से मिलने शनिवार को सचिवालय आए थे। डीसी ऑफिस के पास जब वे डीजीपी से मिलने के लिए अंदर जाने लगे तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें मिलने नहीं दिया। इसी बात पर भड़के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
डीजीपी तक गुहार न पहुंचे, इसलिए ले आए हाईवे पर
डीजीपी जब पुलिस अधिकारियाें की लघु सचिवालय के सभा कक्ष में मीटिंग ले रहे थे तो बाहर हंगामा शुरू हो गया। हंगामा कर रहे लोगाें में अधिकतर महिलाएं थी। लोगों को बाहर तैनात कुछ पुलिस कर्मियों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाओं ने तेज आवाज में कार्रवाई न करने पर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। हंगामे की सूचना मीटिंग में बैठी महिला थाना प्रभारी एसएचओ कुलबीर कौर को दी गई। एसएचओ कुलबीर कौर दो अन्य एसएचओ के साथ मीटिंग से बाहर आईं और हंगामा कर रहे लोगाें को समझाने का प्रयास किया। मामला डीजीपी के पास न पहुंच जाए, इसलिए पुलिस अधिकारी उन्हें लघु सचिवालय से बाहर नेशनल हाईवे पर ले गए। यहां पुलिस ने उन्हें आरोपियाें के खिलाफ कार्रवाई कर जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर शांत किया।
मामले में दोनों आरोपी युवकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्जकर लिया गया है। दोनों युवकाें की तलाश के लिए टीम भेजी हुई है। जो उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही दोनाें युवकाें को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसआई कृष्णदत्त, इंचार्ज, गांधी नगर चौकी।