जठलाना थाना क्षेत्र के गांव लक्सीबांस के नजदीक बाइक सवार तीन बदमाशों ने बाइक सवार दुकानदार को धक्का देकर उसकी बाइक लूट ली। दुकानदार जगाधरी के हुडा सेक्टर 17 स्थित दुकान को बंद कर अपने घर बरसान लौट रहा था। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव बरसान निवासी कुलदीप सिंह ने जठलाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी हुडा सेक्टर 17 स्थित मार्केट में कंप्यूटर की दुकान है। सोमवार को वह देर रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान बंद करके घर लौट रहा था। गांव लक्सीबांस के नजदीक बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए।
एक युवक ने उसे धक्का दिया। जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गया। उसके बाद बाइक से दो युवक नीचे उतरे और उसकी बाइक लूट कर फरार हो गए। जांच अधिकारी एएसआई जसविंद्र सिंह ने बताया कि लूट का मामला दर्जकर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।