हरियाणा के यमुनानगर में तीसरे दिन गुरुवार को भी यमुनानगर में आयकर विभाग की कार्रवाई जारी रही। पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के घर दिनभर चली कार्रवाई के बाद शाम को टीम रवाना हो गई। वहीं एक कारोबारी के घर से सात करोड़ नकदी, छह करोड़ का सोना और करोड़ों रुपये की संपत्ति के कागजात मिले हैं, जिसे जब्त कर जांच की जा रही है।
विदित हो कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर से आयकर विभाग की 11 टीमें यमुनानगर पहुंचीं। इन टीमों ने पूर्व विधायक दिलबाग के घर के अलावा जोड़ियो, पांसरा, बाड़ी माजरा, जठलाना समेत कई स्थानों पर करीब 20 प्लाईवुड फैक्टरियों में छापेमारी की।
इनके अलावा आयकर विभाग की टीमों ने जोड़ियो स्थित यूनिक वुड, पांसरा टिंबर, श्री राम वुड इंडस्ट्री, राधा कृष्ण प्लाईवुड बाड़ी माजरा, ट्रीनोक्स जठलाना, यूनाइटेड टिंबर पर रेड कर जांच पड़ताल की। उक्त स्थानों पर टीम ने कंप्यूटर, लैपटॉप, डायरी, मोबाइल, व्हाट्सअप चैट, बैंक खाते, नकदी, आभूषण व दस्तावेजों की जांच की है।
तीन दिन से आयकर विभाग की कार्रवाई से पूरी यमुनानगर इंडस्ट्रीज में हड़कंप की स्थिति है। कई कारोबारी फैक्ट्रियों में ताले लगाकर गायब हो गए हैं। फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मियों को भी भेज दिया गया तथा मालिकों ने अपने मोबाइल बंद कर लिए हैं।