संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहरवासियों को जल्द ही शहर में किए गए स्थाई व अस्थाई अतिक्रमण से मुक्ति मिलेगी। इसके लिए निगम की ओर से दो कमेटियों का गठन किया है। यह कमेटियां अतिक्रमण हटाकर सड़कों व निगम की जमीनों को कब्जामुक्त बनाएंगी। इसके अलावा अतिक्रमण को लेकर आने वाली शिकायतों को भी तुरंत समाधान किया जाएगा।
त्योहारी सीजन में दुकानदार सड़कों के काफी हिस्से तक अपना सामान रखकर अतिक्रमण कर लेते है। बची हुई सड़क पर वाहन खड़े होने से जाम की स्थिति बन जाती है। इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र में निगम की भूमि पर कुछ लोगों ने स्थाई व अस्थाई रूप से अतिक्रमण किया हुआ है।
जमीनों व सड़कों को कब्जा मुक्त करने के लिए निगम ने एक कमेटी अस्थाई अतिक्रमण हटाने और दूसरी कमेटी स्थाई अतिक्रमण हटाने के लिए बनाई है। यह कमेटियां नगर निगम क्षेत्र में स्थाई व अस्थाई अतिक्रमण के संबंध में प्राप्त होने वाली शिकायतों को समाधान करेंगी। साथ ही अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सड़कों व निगम की जमीनों को कब्जा मुक्त करेंगी।
नगर निगम आयुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि अस्थाई अतिक्रमण हटाने के लिए बनाई गई कमेटी में संबंधित मुख्य सफाई निरीक्षक, संबंधित सफाई निरीक्षक, संबंधित सहायक सफाई निरीक्षक व संबंधित सफाई दरोगा को शामिल किया गया है। स्थाई अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित सहायक नगर योजनाकार, संबंधित भवन निरीक्षक, सहायक भूमि शाखा, पटवारी, भवन लिपिक को शामिल किया गया है, जो शिकायत आने पर अतिक्रमण हटाकर अपनी रिपोर्ट निगमायुक्त के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।