संवाद न्यूज एजेेंसी
यमुनानगर। डीएवी गर्ल्स कॉलेज के वाणिज्य विभाग की ओर से बुधवार को व्यापारिक संचार कौशल का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने करियर बनाने के लिए आत्मविश्वास जरूरी बताया।
कार्यशाला में बतौर वक्ता गुरु हरकिशन एजुकेशनल सोसायटी के चेयरमैन अजिंद्रपाल सिंह व गुरु हरकिशन वाकेशनल इंस्टीट्यूट की डायरेक्टर गुरमीत कौर ने शिरकत की। अध्यक्षता डीएवी गर्ल्स कॉलेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. आभा खेतरपाल व वाणिज्य विभाग अध्यक्ष डॉ. सुरिंद्र कौर ने की। गुरमीत कौर ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में करियर बनाने के लिए आत्मविश्वास बहुत जरूरी है। आत्मविश्वास हमें जिंदगी जीने का हौसला देता है। सभी के साथ उदार भाव रखने से एक-दूसरे के बीच संचार कौशल बढ़ता है।
अजिंद्रपाल सिंह ने कहा कि संचार कौशल वह क्षमता है, जिसके जरिये हम विभिन प्रकार की जानकारी देने और प्राप्त करने के लिए करते हैं। संचार मानव जीवन के लिए बुनियादी जरूरतों में से एक है। संचार कौशल के जरिए सभी को अपनी ओर आकर्षित कर सकते हैं। इसके अलावा रोजगार के अवसर भी उत्पन्न करता है और सफल भी बनाता है।
प्रिंसिपल डॉ. आभा खेत्रपाल ने कहा कि व्यक्तित्व का विकास समय की मांग है। वहीं डॉ. सुरिंद्र कौर ने कहा कि वर्तमान समय में व्यक्तित्व विकास और संचार कौशल का महत्व बढ़ रहा है। इस मौके पर डॉ. मीनाक्षी सैनी, निशी ग्रोवर, विवेक नरूला, डॉ. मोनिका शर्मा, रितिका भोला, डॉ. मीनू गुलाटी आदि मौजूद रहीं।