यमुनानगर। बूड़िया में बिना अनुमति नियमों को ताक पर चलाई जा रही लैब पर बुधवार को सीएम फ्लाइंग ने स्वास्थ्य विभाग के साथ छापा मारा। इस दौरान पाया गया कि लैब नियमों के विरूद्ध चलाई जा रही थी। इसका संचालक लैब टेक्निशियन है और छापामारी के दौरान वह मौजूद नहीं था। लैब पर दो कर्मचारी मौजूद थे। टीम ने उनसे लैब संबंधी दस्तावेज मांगें, लेकिन वे दिखा नहीं सके। जिस पर टीम ने लैब का सारा रिकार्ड जब्त कर लिया है। देर शाम तक लैब सील करने की तैयारी की जा रही थी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसकी शिकायत बुड़िया थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। लैब टेक्निशियन अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। यह कार्रवाई सीएम फ्लाइंग टीम की ओर से की गई है। बता दें कि इससे पूर्व भी बुड़िया में इसी तरह चल रही लैब पकड़ी गई थी, जिसे सील कर दिया गया है। इस मामले में बुड़िया पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर खदरी निवासी आशीष नाम के व्यक्ति पर केस दर्ज किया है।
बुधवार शाम को बूड़िया स्थित आरोग्य क्लीनिक लैबोरेट्री पर सीएम फ्लाइंग व स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। टीम को यहां पर सतनाम और सूरज नाम के दो कर्मचारी मिले। टीम ने संचालक के बारे पूछा, लेकिन उसके बारे ज्यादा जानकारी नहीं मिली। टीम ने लैब संबंधी कागजात मांगें, लेकिन दोनों कुछ नहीं दिखा पाए। इस दौरान पता चला कि यह लैब खदरी निवासी आशीष नाम का व्यक्ति चलता है। आशीष लैब टेक्निशियन बताया जा रहा है। जबकि नियमानुसार ऐसी लेबोरेट्री चलाने के लिए एमबीबीएस की डिग्री होनी चाहिए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लाइसेंस जारी किया जाता है, लेकिन इस लैब के पास ऐसा कोई लाइसेंस नहीं था। बिना लाइसेंस के सालों से यह लेबोरेट्री चलाई जा रही थी। टीम ने लैब की मशीनें व पूरा रिकार्ड कब्जे में ले लिया है। टीम ने लैब सील कर दी है। वहीं पुलिस भी मामले की तफ्तीश कर रही है। पुलिस जांच में सामने आया कि लैब पर मौजूद व्यक्ति पड़ोसी दुकानदार है। जिसके बारे जांच की जा रही है कि वह किस कारण वहां आया था।
--------------
वर्जन
सीएम फ्लाइंग के साथ बुड़िया की आरोग्य क्लीनिकल लैबोरेट्री पर रेड की थी। इस दौरान लैब नियमों के विरूद्ध चलती पाई गई। जिस पर लैब की मशीनें व रिकार्ड जब्त कर लिया गया है। लैब सील कर पुलिस को शिकायत दे दी गई है।
-मनजीत सिंह, सिविल सर्जन, यमुनानगर।
-----------
वर्जन
पुलिस के पास स्वास्थ्य विभाग की तरफ से शिकायत आई है। शिकायत नियमों के विरूद्ध लैब चला रहे व्यक्ति के खिलाफ है। जिस पर पुलिस ने खदरी निवासी आशीष पर धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी अभी गिरफ्त से बाहर है। जिसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
-लज्जा राम, प्रभारी थाना, बूड़िया।