जगाधरी। हरियाणा बोर्ड की 12वीं कक्षा के फिजिक्स और इकोनॉमिक्स विषय की परीक्षा सोमवार को जिले के 50 केंद्रों पर हुई। इस दौरान गुरु नानक गर्ल्स स्कूल के केंद्र अधीक्षक संजीव कुमार को ड्यूटी से मुक्त कर दिया गया। यह कार्रवाई बोर्ड के प्रश्नपत्र उड़नदस्ता प्रमुख ने बोर्ड के आदेशों पर की।
26 फरवरी को दसवीं के अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी। इस दौरान डीसी प्रीति ने गुरु नानक गर्ल्स स्कूल में निरीक्षण किया। इस दौरान डीसी ने पेपर में नकल करवाते शिक्षक पंकज नागरा को पाया। इस पर पंकज को ड्यूटी से मुक्त कर दिया था। बोर्ड परीक्षा जिला अधीक्षक एवं प्रश्नपत्र इंचार्ज ओपी वर्मा ने बताया कि शिक्षक को ड्यूटी मुक्त करने के साथ डीसी ने केंद्र अधीक्षक पर कार्रवाई करने की बोर्ड को सिफारिश की थी। डीसी ने शिकायत में कहा इसमें केंद्र अधीक्षक की जिम्मेदारी बनती है। यदि केंद्र पर अनियमितता मिलती है तो अधीक्षक की जिम्मेदारी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। डीसी की सिफारिश पर बोर्ड ने केंद्र अधीक्षक संजीव कुमार को ड्यूटी से मुक्त करने के आदेश दिए। उधर, परीक्षा सभी केंद्रों पर सायंकालीन सत्र दोपहर साढ़े 12 से साढ़े तीन बजे तक हुई। विद्यार्थी परीक्षा के लिए समय से पहले केंद्रों के बाहर पहुंचने लगे थे। जांच के बाद विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया। सबसे पहले विद्यार्थियों ने अपना अनुक्रमांक और कक्ष की स्थिति की जानकारी ली। वहीं, विद्यार्थियों ने बताया कि पहले डर था कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी प्रश्न पत्र कठिन होगा।
विज्ञापन
परंतु आसान प्रश्न पत्र देखकर विद्यार्थियों को खुशी हुई। परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों पर चाक-चौकस प्रबंध देखने को मिले। सभी केंद्रों के बाहर पुलिस तैनात रही।
पुलिस कर्मियों ने परीक्षा के दौरान किसी को भी केंद्र के आसपास खड़े नहीं होने दिया। इस दौरान जिला परीक्षा समन्वयक ओपी वर्मा ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। किसी केंद्र पर नकल व उपद्रव संबंधी कोई मामला सामने नहीं आया है।