संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर/बिलासपुर। एक महिला ने परचून दुकानदार को अपने घर बुलाकर तीन साथियों के साथ बंधक बना लिया। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने दुकानदार से मारपीट की और आपत्तिजनक फोटो खींच ली और 26 हजार रुपये व मोबाइल छीन लिया। इसके बाद दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देकर आरोपियों ने उसकी दुकान से 32 हजार रुपये का सामान ले लिया। दुकानदार की शिकायत पर थाना छछरौली पुलिस ने आरोपी महिला और उसके तीन साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
छछरौली क्षेत्र के बाकरवाला निवासी राजेश धीमान ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसकी लेदी निवासी राजेश कुमार के साथ साझेदारी में परचून की दुकान है। करीब 25 दिन पहले दुकान पर बिल्लो नाम की महिला सामान लेने के लिए आई थी। महिला ने दुकान से 25 किलो चावल का एक कट्टा खरीदा और 500 रुपये देकर 300 रुपये उधार कर गई थी। महिला ने उसका मोबाइल नंबर लिया और फोन करके बाद में रुपये देने की बात कही। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे आरोपी महिला का उसके पास फोन आया। महिला ने उसके बकाया रुपये देने और परचून के सामान की लिस्ट देने के लिए बिलासपुर बुलाया।
वह अपनी बाइक पर सवार होकर बिलासपुर के चौराही मोड़ पर पहुंचा। महिला ने उसे बताया कि सामान की लिस्ट व पैसे घर पर रखे हैं। महिला के घर पहुंचकर वह चारपाई पर बैठ गया। तभी घर के अंदर से तीन व्यक्ति आए और उसे पकड़कर मारपीट करने लगे। आरोपियों ने उसके कपड़े निकाल दिए और हाथ पैर बांधकर उसकी जेब से 26000 रुपये की नकदी व मोबाइल निकाल लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसकी आपत्तिजनक अवस्था में फोटो खींचकर उससे रुपयों की मांग की।
तब उसने आरोपियों से रुपये न होने पर दुकान से सामान दिलाने की बात कही। आरोपियों ने उसके पार्टनर राजेश कुमार को फोन करवाया। उसके कहने पर साझीदार राजेश ने आरोपियोें के 32 हजार रुपये का सामान दे दिया। सामान मिलने के बाद आरोपियों ने करीब छह बजे उसे छोड़ दिया। उसने दुकान पर पहुंचकर साझीदार राजेश कुमार को आपबीती सुनाई। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी। थाना प्रभारी बलबीर सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर आरोपी महिला और उसके तीन साथियों पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।