हरियाणा के बूड़िया क्षेत्र के सरकारी स्कूल में तैनात कक्षा अध्यापक पर 11 वीं की दो छात्राओं से छेड़खानी और अभद्रता करने का आरोप लगा है। पीड़ित छात्राओं की ओर से इसकी शिकायत प्रिंसिपल को दी गई, जिसके बाद उन्होंने छात्राओं के परिजनों और अध्यापक के साथ बैठक की। फिर प्रिंसिपल की ओर से इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। इस पर बूड़िया थाना पुलिस ने आरोपी अध्यापक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कूल की प्रिंसिपल ने बूड़िया पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके स्कूल में विभिन्न गांवों की छात्राएं पढ़ती हैं। एक गांव की दो छात्राएं 11वीं कक्षा में पढ़ती हैं। 25 फरवरी को इन छात्राओं ने उन्हें लिखित में शिकायत देकर कक्षा अध्यापक पर छेड़खानी करने और अभद्र भाषा में बोलने का आरोप लगाया।
छात्रा ने बताया था कि 22 फरवरी को आरोपी अध्यापक ने कक्षा में पढ़ाते समय कहा था कि उसका मूड खराब है। यह बात कहते हुए आरोपी ने उससे छेड़खानी की और गलत शब्दों में बातचीत की। आरोप है कि अध्यापक कक्षा में उन्हें यार कहकर बोलता है। वहीं, दूसरी छात्रा ने बताया था कि आरोपी अध्यापक कई दिन से उसे परेशान कर रहा है।
प्रिंसिपल ने बताया कि छात्राओं की शिकायत मिलने पर उन्होंने छात्राओं के अभिभावकों को स्कूल में बुलाकर आरोपी अध्यापक से बात की। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने विभाग के उच्चाधिकारियों को लिखित में शिकायत भेजी। साथ ही पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी अध्यापक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह का कहना है कि आरोपी अध्यापक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
मामला जानकारी में है। आरोपी अध्यापक के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज करवा दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विभाग को भी अध्यापक के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा गया है। विभाग की ओर से जो भी निर्देश आएंगे, उसके तहत आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- विनोद कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, यमुनानगर।