संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर की एक कालोनी में रहने वाली महिला ने देवर पर चाकू की नोक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
शहर की एक कालोनी निवासी महिला ने महिला थाने में दी गई शिकायत में बताया कि उसके देवर अरविंद साहनी व उनका परिवार एक मकान में रहते हैं। उसका पति 19 अगस्त को काम पर गया था। उसकी देवरानी व बच्चे घर की छत पर थे। शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपने कमरे में लेटी थी। इस दौरान उसका देवर उसके कमरे में आया। आरोप है कि उसे अकेला पाकर आरोपी देवर ने उसके साथ अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दी। उसने विरोध करते हुए उसे कमरे से बाहर कर अंदर से दरवाजे की कुंडी लगा ली। इसके बाद आरोपी ने लात मारकर दरवाजा तोड़ दिया और उसकी गर्दन पर चाकू रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी उसे इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर चला गया। पति के घर लौटने पर उसने घटना के बारे में बताया और पुलिस को सूचना दी। महिला थाना प्रभारी शीलावंती ने बताया आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा री है।
देवर व ससुर पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
यमुनानगर। छप्पर थाना पुलिस ने ससुर और देवर के खिलाफ दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी गई शिकायत में एक गांव निवासी महिला ने बताया कि शादी के बाद से ही उसकी सास, ससुर व देवर दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते थे। इस पर उसने 12 मार्च को तीनों आरोपियों पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज करवाया था। बाद में आरोपियों ने पंचायती समझौता कर लिया था। अब वह अपने पति के साथ गांव में ही अपने ससुर, सास व देवर से अलग रहने लगे है। वह 18 अगस्त को घर पर अकेली थी। आरोप है कि तभी उसका ससुर और देवर उसके घर पर आया और दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर चले गए। संवाद
घर में घुसकर महिला से छेड़खानी
यमुनानगर। सदर थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ घर में घुसकर महिला से छेड़खानी करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि 18 अगस्त को उनके पड़ोस में झगड़ा हो गया था। तब उसने दोनों पक्षों का समझाकर शांत करवाया था। इसके बाद वह अपने घर पर आ गई थी। रात को वह घर के बरामदे में सोई हुई थी। रात करीब 11 बजे गांव के ही मीना, खुर्शीद, जगाधरी निवासी गुलजार व दो अन्य व्यक्ति उसके घर में घुस गए। आरोपियों ने उससे छेड़छाड़ की और उसके गले से सोने की चेन छीन ली। उसके शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों को नामजद करते हुए दो अज्ञात पर केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। संवाद