यमुनानगर। शहर की प्रोफेसर कॉलोनी में रात को दो बाइकों पर आए चार आरोपियों ने घर के बाहर गली में खड़ी कार में तोड़फोड़ की। आरोपी शीशा तोड़ कर कार से लेपटॉप व 4700 रुपये चोरी कर लिए। आरोपियों ने कार के मालिक को धमकी दी कि आज तो उन्होंने कार तोड़ी है। कल उन्हें जान से मार देंगे। थाना शहर यमुनानगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में प्रोफेसर कॉलोनी निवासी रसीम बक्शी ने बताया कि वह रात को खाना खाकर परिवार के सदस्यों के साथ घर पर सो गया था। उनकी कार घर के बाहर खड़ी थी। रात करीब 12 बजे दो बाइकों पर चार बदमाश आए और उसकी कार के शीशे तोड़ने शुरू कर दिए। तोड़फोड़ का शोर सुनकर वह नींद से जागे और बाहर निकले। आरोपियों ने उसकी कार से लेपटॉप, 4700 रुपये चोरी कर लिए। आरोपी जाते हुए उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। मामले की जांच कर रहे एएसआई सुभाष चंद ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।