छछरौली। डारपुर गांव में आधा दर्जन से ज्यादा लोगों ने एक घर में घुसकर तोड़फोड़ कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल व्यक्ति की पत्नी ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसपी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
डारपुर निवासी महिला बलकिश ने बताया कि गांव में उसका अपना मकान है। उसका पति मेहनत मजदूरी कर घर गृहस्थी चलाता है। आरोप है कि गांव के ही वहीद व उसका परिवार उनके साथ रंजिश रखता है और पहले भी कई बार धमकी दे चुका है। यह लोग गांव की पंचायती भूमि से लकड़ी काट कर बेचते हैं, जिसकी उसके पति ने पंचायत विभाग को शिकायत की थी। इस वजह से वह उनसे रंजिश रखने लग गए थे। मंगलवार वहीद व उसके परिवार के हसन, अतरा, जुल्ला, अकरम, अब्दुल, अजमल, अरशद ने इकट्ठा होकर शाम को उनके घर पर हमला कर दिया। हमले के दौरान उन्होंने घर में तोड़फोड़ कर महिलाओं से अभद्रता की। हमले में उसका पति घायल हो गया। हमले की सूचना दी गई तो पुलिस ने मौका मुआयना भी किया। घायल अवस्था में पति को लेकर परिजन छछरौली अस्पताल गए, जहां से उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। महिला ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।