संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। एक व्यक्ति ने जगाधरी के रेलवे बाजार में सुनार की दुकान पर दुकानदार को चकमा देकर एक लाख रुपये से भरा बैग चोरी कर लिया। बैग में दुकान के बही खाते भी रखे हुए थे। दुकानदार की शिकायत पर थाना शहर जगाधरी पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रेलवे बाजार निवासी दीपक वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बाजार में सुनार की दुकान है। कुछ दिन पहले ही उसने आंखों का इलाज करवाया था। 16 अक्तूबर की शाम करीब 7:45 बजे उसकी दुकान पर एक व्यक्ति आया। आरोप है कि इसी दौरान वह उसे चकमा देकर एक बैग चोरी कर ले गया। बैग में एक लाख रुपये नकद और दुकान के कुछ बही खाते रखे हुए थे।
दीपक के अनुसार, घटना के बाद उसने अपने स्तर पर बैग और आरोपी की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। दुकानदार ने बताया कि वह घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करवाएगा। थाना शहर जगाधरी के कार्यवाहक एसएचओ जसमेर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।