यमुनानगर। आजाद नगर की गली नंबर एक से पांच को जल्द ही जलभराव की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी। जलभराव न हो इसके लिए यहां 1.17 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉर्म वाटर ड्रेन बनाई जाएगी। बकायदा इस कार्य के लिए टेंडर लगाया गया था जो अब अलॉट हो चुका है। मंगलवार को यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा व नगर निगम महापौर मदन चौहान ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर इन गलियों में पाइप लाइन डालने के कार्य का शुभारंभ किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। निगम की टीम काम पूरा होने तक समय-समय पर यहां दौरा कर इसमें प्रयोग होने वाली सामग्री की भी जांच करेगी। इसके अलावा पाइप लाइन डालने के बाद गलियों को भी पक्का किया जाएगा, जिसका भी टेंडर लगाया जाएगा।
जलभराव की रहती थी समस्या
बता दें कि आजाद नगर की कुछ गलियों में बारिश होने के बाद जलभराव की समस्या रहती थी। निचले इलाकों में यह समस्या अधिक थी। इस समस्या से निपटने के लिए महापौर मदन चौहान ने गलियों का मुआयना कर अधिकारियों को स्टॉर्म वाटर लाइन डालने का इस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद आजाद नगर की गली नंबर एक व दो का 54.96 लाख और गली नंबर तीन, चार व पांच में स्टॉर्म वाटर पाइप लाइन डालने का 62.40 लाख रुपये का इस्टीमेट तैयार कर टेंडर लगाया गया था। गलियों में स्ट्रॉर्म वाटर लाइन डाली जाने से जलभराव की समस्या का समाधान होगा। इससे कॉलोनी के हजारों लोगों को फायदा होगा।
सरकार बिना भेदभाव के करा रही है विकास कार्य
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि सरकार बिना भेदभाव शहर में करोड़ों रुपये की लागत से विकास कार्य करवा रही है। शहर में नालियों, सड़कों, गलियों, सीवरेज, स्टॉर्म वाटर ड्रेन व अन्य विकास कार्य करवाए गए हैं। वहीं, कुछ कॉलोनियों में अभी ये कार्य होने बाकी है। कुछ कॉलोनियों में यह कार्य निर्माणाधीन है। ये कार्य में गुणवत्ता की कमी न हो इसके लिए इन विकास कार्यों का औचक निरीक्षण का कार्य भी चल रहा है। महापौर मदन चौहान ने कहा कि हमारा शहर सुंदर, स्मार्ट व स्वच्छ बने, इसके लिए नगर निगम गंभीरता से कार्य कर रहा है। शहर में करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। हर वार्ड में जलभराव की समस्या से निपटने को जहां अंडरग्राउंड नालियां डाली जा रही है, वहीं बरसाती पानी की निकासी को स्टार्म वाटर पाइप लाइन डाली जा रही है।