यमुनानगर। छप्पर के गांव सबलपुर में पुरानी रंजिश को लेकर दो भाइयों ने घर में घुसकर एक परिवार के तीन लोगों पर डंडों से हमला कर घायल कर दिया। आरोपियों पर देसी कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार गांव सबलपुर निवासी परमजीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी गांव के ही राजेंद्र सिंह व उसके भाई इंद्रजीत सिंह के साथ पुरानी रंजिश चल रही है। पहले भी आरोपियों की उनके साथ कई बार बहस हुई लेकिन तब अन्य लोगों ने समझाकर मामला शांत करवा दिया। उसके बाद से आरोपी उससे रंजिश रखे हुए थे। परमजीत कौर ने बताया कि दो मई को सुबह 10 बजे वह, उसका पति सुरजीत सिंह व जेठानी जसबीर कौर घर पर ही काम कर रहे थे। इस दौरान दोनों आरोपी वहां पर आ गए। आरोपियों ने आते ही उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने देसी कट्टा दिखाते हुए उन्हें धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की आवाज सुनकर जब अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उन्हें देसी कट्टा दिखाते हुए वहां से फरार हो गए। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।