यमुनानगर। सवारियां छोड़ घर लौट रहे ऑटो चालक पर चार युवकों ने रॉड व डंडों से हमला कर घायल कर दिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उसके पास से मोबाइल व दिनभर की कमाई करीब साढ़े 11 सौ रुपये लूट लिए। पुलिस ने ऑटो चालक की शिकायत पर चारों आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुराना हमीदा की आनंद कॉलोनी निवासी शुभम उर्फ गोरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ऑटो चालक है। मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे सवारियों को पानी की टंकी के पास छोड़कर वह अपने ऑटो में घर लौट रहा था। जब वह पुराना हमीदा में पूजा डेयरी के पास पहुंचा तो वहां खड़ी एक बाइक उसके ऑटो से टकरा गई। तभी वहां पर पुराना हमीदा निवासी करण, कल्लू, शोयब व प्रदीप उर्फ भोला आए। आरोपियों ने आते ही उसे ऑटो से बाहर निकाला और मारपीट करने लगे। आरोपियों के हाथों में रॉड, बिंडे व अन्य हथियार थे। आरोपियों ने रॉड, डंडों व पाइप से उसपर हमला कर दिया। जिसमें वह घायल हो गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उसकी जूब से मोबाइल व दिनभर की कमाई करीब 1150 रुपये लूट लिए। आरोपियों ने इस दौरान रॉड व डंडों से वार कर उसके ऑटो को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे उपचार दिया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी करण, कल्लू, शोयम व प्रदीप के खिलाफ मारपीट, लूट व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।