संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। डॉ. बीआर आंबेडकर मेधावी संशोधित छात्रवृत्ति योजना के तहत वर्ष 2026-27 के लिए विद्यार्थियों से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण विभाग और अंत्योदय हरियाणा की ओर से शुरू की गई योजना के तहत विद्यार्थी 30 नवंबर तक सरल हरियाणा पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
डीसी प्रीति के अनुसार अनुसूचित जाति के 10वीं कक्षा में शहरी क्षेत्र में 70 और ग्रामीण क्षेत्र में 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 11वीं या डिप्लोमा/सर्टिफिकेट कोर्स के प्रथम वर्ष में दाखिले पर आठ हजार रुपये दिए जाएंगे। 12वीं कक्षा में शहरी क्षेत्र में 75 और ग्रामीण क्षेत्र में 70 प्रतिशत अंक वाले विद्यार्थियों को स्नातक के प्रथम वर्ष के लिए आठ हजार रुपये, इंजीनियरिंग, तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए नौ हजार तथा चिकित्सा एवं चिकित्सा संबद्ध पाठ्यक्रमों के लिए 10 हजार रुपये छात्रवृत्ति मिलेगी।
स्नातक में निर्धारित अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए विषय के अनुसार नौ हजार से 12 हजार रुपये तक छात्रवृत्ति दी जाएगी। पिछड़ा वर्ग-ए के 10वीं में शहरी क्षेत्र में 70 और ग्रामीण क्षेत्र में 60 प्रतिशत अंक तथा पिछड़ा वर्ग-बी और सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए क्रमश: 80 और 75 प्रतिशत अंक की पात्रता निर्धारित की गई है। पात्र विद्यार्थियों को 8 हजार रुपये वार्षिक छात्रवृत्ति मिलेगी।
ये दस्तावेज जरूरी
जिला कल्याण अधिकारी अनु बंसल ने बताया कि आवेदन के साथ जाति प्रमाण पत्र, हरियाणा स्थायी निवासी प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र, फोटो, बैंक पासबुक, वर्ष 2026 की डीएमसी, पहचान पत्र और वित्तीय वर्ष 2026-27 में पिता की चार लाख रुपये से कम वार्षिक आय का प्रमाण पत्र लगाना होगा।