संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में वीरवार (आज) विजयादशमी पर्व पर बुराई रूपी रावण, कुंभकरण व मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। पुतले वीरवार की सुबह आयोजन स्थलों पर खड़े किए जाएंगे। सूर्यास्त के समय पुतलों का दहन होगा।
सबसे अधिक ऊंचा रावण का पुतला शहर से लगते तेजली गांव में तैयार हुआ है, यहां तेजली स्टेडियम के सामने खाली मैदान में 80 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा। विजयादशमी पर सबसे अधिक भीड़ जुटाने वाले मॉडल टाउन के दशहरा ग्राउंड, सिटी सेंटर (ओपी जिंदल पार्क) में 70-70 फीट ऊंचे रावण व 65-65 फीट ऊंचे कुंभकरण व मेघनाथ के पुतलों का दहन होगा। मॉडल टाउन के दशहरा ग्राउंड में कार्यक्रम श्री सनातन धर्म सभा मॉडल टाउन की ओर से हो रहा है। यहां पुतलों के दहन से पहले मॉडल टाउन में श्रीराम व उनकी सेना की झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो दशहरा ग्राउंड पहुंचेगी। यहां श्री राम व रावण और उनकी सेना के वेश में कलाकारों द्वारा युद्ध का मंचन किया जाएगा। इसके बाद तीनों पुतलों का दहन होगा। सिटी सेंटर (ओपी जिंदल पार्क) का कार्यक्रम श्री यमुना रामलीला कमेटी की ओर से होगा, जिसने पुरानी सब्जी मंडी स्थित कैटल कंपाउंड (नगर निगम स्टोर) में रामलीला मंचन कराया। कमेटी की ओर से शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें श्रीराम व उनकी सेना की झांकी रहेगी। शोभायात्रा सिटी सेंटर (ओपी जिंदल पार्क) पहुंचेगी, जिसके बाद श्री राम व रावण और उनकी सेना के वेश में कलाकार युद्ध का मंचन करेंगे। इसके बाद तीनों पुतलों का दहन होगा। जगाधरी की श्री रामलीला कमेटी की ओर से सेक्टर-18 के ग्राउंड में 55 फीट ऊंचे रावण, 50 फीट ऊंचे कुंभकरण व 45 फीट ऊंचे मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। जगाधरी वर्कशॉप के रेलवे ग्राउंड में रामलीला मंचन करवा रही श्री रामलीला आयोजन समिति की ओर से रेलवे ग्राउंड में 45 फीट रावण, 35 फीट ऊंचे कुंभकरण व 30 फीट ऊंचे मेघनाथ के पुतले का दहन किया जाएगा। साढौरा में तोरावाला तालाब स्थित प्राचीन लक्ष्मी नारायण मंदिर प्रांगण में 45 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा।
पुतला दहन स्थलों पर तैनात रहेंगे 300 पुलिस कर्मचारी
विजयादशमी पर्व पर पुतलों के दहन स्थलों के लिए 300 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही अलग-अलग आयोजन स्थलों के लिए डीएसपी नोडल नियुक्त किए गए हैं। एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में रावण दहन स्थलों पर मौजूद रहने के निर्देश हैं। एसपी ने बताया कि हर आयोजन स्थल के चारों ओर बैरिकेडिंग होगी। वाहनों को आयोजन स्थल से कुछ दूरी पहले ही रोक दिया जाएगा। इसके लिए पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। सभी पीसीआर, पुलिस राइडर, ईआरवी गाड़ियों सहित 14 एंबुलेंस, 14 दमकल गाड़ियां व रिकवरी वैन आयोजन स्थलों पर रहेंगी।
तैयार किए जा रहे रावण, कुभकरण व मेघनाथ के पुतले। संवाद