यमुनानगर। शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम गंभीरता से काम कर रहा है। मेयर मदन चौहान ने ‘मेरा वार्ड मेरी जिम्मेवारी’ मुहिम चलाई है। मुहिम के तहत अपने वार्ड का सबसे साफ रखने में अहम जिम्मेदारी निभाने वाले नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा।
इसी मुहिम के तहत अब नगर निगम मेयर मदन चौहान, आयुक्त अजय सिंह तोमर, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण शर्मा समेत निगम के सभी अधिकारियों ने निगम के वार्डों को गोद लिया है। अपने वार्ड को सबसे साफ व सुंदर बनाने वाले अधिकारी व कर्मचारी को गणतंत्र दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। यह फैसला मेयर मदन चौहान ने सफाई निरीक्षकों की बैठक में लिया। मेयर ने बताया कि उन्होंने खुद दो वार्डों को गोद लिया है। उनके अलावा निगमायुक्त, सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर, उप निगमायुक्त एक व दो, दोनों सीएसआई व सभी सफाई निरीक्षकों ने एक-एक वार्ड को गोद लिया है। गोद लेने वाला अधिकारी अपने वार्ड को पूरी तरह साफ, स्वच्छ व सुंदर बनाना सुनिश्चित करेंगे। जिस अधिकारी का वार्ड सबसे अधिक साफ व सुंदर होगा, उसे आने वाली 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर समानित किया जाएगा।
इनसेट
किस अधिकारी ने कौन सा वार्ड लिया गोद
शहर को स्वच्छ बनाने के लिए मेयर मदन चौहान ने 8 व 18, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण शर्मा ने 2, डिप्टी मेयर रानी कालड़ा ने 14
निगमायुक्त अजय सिंह तोमर ने 9, उप निगमायुक्त अशोक कुमार ने वार्ड 22 को गोद लिया है। इसी तरह उप निगमायुक्त विनोद नेहरा ने 19, सीएसआई हरजीत सिंह ने 3, सीएसआई सुरेंद्र चौपड़ा ने 15, क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अजय वालिया ने 5, लेखाकार विशाल कौशिक ने 20, सफाई निरीक्षक अमित कांबोज ने 1, सफाई निरीक्षक प्रदीप दहिया ने 4, सहायक सफाई निरीक्षक सचिन कुमार ने 6, सीटीएल मंगलेश कुमार ने 10, सहायक सफाई निरीक्षक सुमित बैंस ने 11, सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा ने 12,सफाई निरीक्षक बिट्टू सिंह ने 16 व 18, सहायक सफाई निरीक्षक कृष्ण कुमार ने 13, सहायक सफाई निरीक्षक फूल कुमार ने 17 और सहायक सफाई निरीक्षक सतबीर सिंह ने वार्ड 21 को गोद लिया है।
इनसेट
वर्दी पहनकर कर सफाई कार्य करें कर्मचारी
सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने को लेकर मेयर ने मेयर हाउस पर वार्ड नंबर आठ में सफाई कर्मचारियों व सफाई निरीक्षकों की बैठक ली। बैठक में मेयर मदन चौहान ने सभी अधिकारियों को वार्ड में समय पर सफाई करवाने व कचरे का उठान करवाने के निर्देश दिए। मेयर चौहान ने कहा कि मॉडल टाउन के अलावा प्रोफेसर कॉलोनी के सभी ब्लॉकों व आसपास के एरिया में भी रोजाना सफाई करवाना सुनिश्चित किया जाए। वार्ड की हर कॉलोनी व एरिया में बेहतर सफाई की जाए। उन्होंने सभी कर्मचारियों को पूरी वर्दी पहनकर ड्यूटी पर आने व नियमित रूप से सभी कॉलोनियों की सफाई करवाने के निर्देश दिए।