संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हरियाणा पुलिस के उपनिरीक्षक (एसआई) की भर्ती के लिए 26 सितंबर को नौ जिलों में परीक्षा करवाई जा रही है। अभ्यर्थियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए राज्य परिवहन विभाग ने रूट मैप तैयार कर अभ्यास पूरा कर लिया है। इस दौरान यमुनानगर डिपो से अभ्यर्थियों के लिए सुबह चार बजे से बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। वहीं अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए सेवा देर रात तक दी जाएगी। यही नहीं अभ्यर्थियों की संख्या व मांग के अनुरूप बसों के रूट बढ़ाए व घटाएं भी जाएंगे।
परीक्षार्थियों को किसी प्रकार से परेशानी न हो इसके लिए अलग से केंद्र भी बनाए गए हैं, जहां से उन्हें बसों की स्थिति का पता चल पाएगा। परीक्षा को लेकर विभाग अलर्ट है और इसका पूरा रूट मैप तैयार कर चुका है। यमुनानगर डिपो के यातायात प्रबंधक संजय रावल ने बताया कि एसआई परीक्षा को लेकर रोडवेज ने अपनी पूरी तैयारियां कर ली हैं। जिस रूट पर अभ्यर्थियों की मांग रहेगी, तुरंत ही वहां के लिए बस भेज दी जाएगी।
परीक्षा के लिए दो लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा सुबह और शाम दो पालियों में होगी। सुबह की पाली में पुरुष व शाम को महिलाओं की परीक्षा होगी। सुबह की पाली में सुबह 7 बजे से 8 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने का समय है। परीक्षा सुबह 9 से 10:30 बजे तक परीक्षा चलेगी। इसके बाद दूसरी पाली में महिला के लिए परीक्षा केंद्र में प्रवेश का समय दोपहर एक से 2 बजे तक रखा गया है। परीक्षा दोपहर तीन से शाम साढ़े चार बजे तक होगी। बता दें कि यमुनानगर डिपो की 136 बसें अभी रूट पर हैं।
लोकल रूट की बसों भी लगाई
परीक्षा को लेकर रोडवेज ने लोकल रूट पर चलने वाली बसों को रिजर्व पर रखा है। विभाग के अनुसार रविवार को छुट्टी होने कारण लोकल रूट पर विद्यार्थियों, नौकरीपेशा सहित अन्यों की संख्या कम होगी। ऐसे में इन बसों का उपयोगकिया जा सकता है। इससे विभाग को शहर के बाहर के रूट पर बसों की संख्या कम नहीं करनी पड़ेगी और अभ्यर्थियों को सुविधा मिल पाएगी।