संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जगाधरी के एक मोहल्ले में महिला की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या करने के मामले में अपराध शाखा-2 की टीम ने आरोपी साजन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शिकायतकर्ता के अनुसार करीब एक वर्ष पहले 26 वर्षीय महिला से शादी हुई थी। दंपती का एक बच्चा भी है। आरोप है कि दो सितंबर को आरोपी साजन घर में घुस गया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। आरोपी ने महिला के गले पर भी चाकू से वार किया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी।
वारदात के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। महिला के पति का आरोप है कि आरोपी ने पहले भी उनकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ की थी, जिसके बाद उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसकी रंजिश के चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। अपराध शाखा-2 के इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी को चार दिन के रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस रिमांड के दौरान मामले से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी। साथ ही वारदात के संबंध में अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। रिमांड के दौरान हत्या में प्रयुक्त चाकू के साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जाएगा की वारदात के समय आरोपी के साथ कौन शामिल था।