संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। खुद को स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के अधिकारी के रूप में पेश कर एक उद्योगपति से 16.55 लाख रुपये की ठगी हो गई। आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद थाना सदर यमुनानगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
गैलेक्सी प्लाइवुड इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक कामला नगर निवासी 65 वर्षीय जुगल किशोर बिहानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिसंबर 2025 के पहले सप्ताह में उनकी कंपनी ने एमएस बिलेट्स की खरीद के लिए इंडिया मार्ट, ट्रेड इंडिया और एक्सपोर्टर्स इंडिया जैसे व्यापारिक पोर्टलों पर ऑनलाइन पूछताछ डाली थी।
इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और खुद को सेल के आईएससीओ स्टील प्लांट, बर्नपुर (पश्चिम बंगाल) का सहायक महाप्रबंधक (विपणन) बताया। आरोपी ने एक्सपोर्टर्स इंडिया पर खुद को सत्यापित दर्शाते हुए सेल के नाम से फर्जी लेटरहेड, पार्टी कोड पंजीकरण फॉर्म, बिल और बैंक विवरण भेजे। इन दस्तावेजों के जरिए उसने खुद को असली अधिकारी साबित करने की कोशिश की और पीड़ित को विश्वास में ले लिया।
इसके बाद आरोपी ने पहले अग्रिम जमानत राशि और फिर भुगतान की मांग की। भरोसे में आकर जुगल किशोर बिहानी ने आईडीबीआई बैंक के एक खाते में कुल 20.05 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद आरोपी ने भ्रम बनाए रखने के लिए 2.50 लाख रुपये नकद जमा कराने का दावा किया, लेकिन वास्तव में केवल एक लाख रुपये ही वापस किए गए।
जांच में सामने आया कि जिस बैंक खाते को सेल का बताया जा रहा था, वह आरोपी के नाम पर था और संदिग्ध लेनदेन के चलते पहले से ही फ्रीज किया जा चुका था। इसके बाद ठगी की पूरी साजिश उजागर हो गई। बाद में पता चला 16.55 लाख रुपये की पीड़ित के साथ ठगी हुई है।
शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। -सुनील कुमार, जांच अधिकारी, थाना सदर यमुनानगर।