झांसा देकर एक एप डाउनलोड करवाकर बीएसएनएल का मोबाइल नंबर रिचार्ज कराते ही महिला के खाते से करीब 90 हजार रुपये उड़ गए। तीन दिन मेें साइबर ठगी का ये दूसरा मामला है। इससे पहले रेलवे से रिटायर्ड कर्मी के खाते से 2.35 लाख रुपये निकल गए थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
मॉडल टाउन निवासी गीता शर्मा ने शहर पुलिस को बताया कि 11 अगस्त को सुबह साढ़े 11 बजे उनके मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति ने फोन किया। आरोपी ने उन्हें केवाईसी अपडेट करने के लिए क्विक स्पोर्ट एप डाउनलोड करने के लिए कहा। बातचीत के दौरान आरोपी ने उन्हें झांसा देकर फंसा लिया। आरोपी व्यक्ति ने उसे बीएसएनएल के मोबाइल नंबर पर 10 रुपये का रिचार्ज करने को कहा। उसने कहा कि यदि दस रुपये का रिचार्ज नहीं किया तो उनके नंबर की सेवाएं बंद हो जाएंगी। जैसे ही उसने एप की सहायता से मोबाइल नंबर पर 10 रुपये का रिचार्ज किया तो उसके अकाउंट से पैसे निकलने शुरू हो गए। महिला ने बताया कि साइबर ठगों ने उसके खाते से पांच बार में कुल 89,620 रुपये निकाल लिए गए। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
बॉक्स
एप से रिचार्ज करते हुए पहले ऐसे हुई थी ठगी-
योनो एसबीआई एप से बीएसएनएल का मोबाइल नंबर रिचार्ज करते हुए पांच अगस्त को गुरु तेग बहादुर नगर निवासी गोपाल के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 2,35,555 रुपये निकाल लिए थे। नौ अगस्त को गोपाल ने फर्कपुर पुलिस थाने में दी शिकायत दी। उसने बताया कि सुबह करीब साढ़े दस बजे मोबाइल पर फोन आया। आरोपी व्यक्ति ने कहा कि उसका बीएसएनएल मोबाइल नंबर 24 घंटे में बंद हो जाएगा। फोन की सेवाएं जारी रखने के लिए उसे 10 रुपये का रिचार्ज करना पड़ेगा। उसने आरोपी की बातों पर विश्वास कर लिया। जब उसने योनो एसबीआई एप की सहायता से मोबाइल नंबर रिचार्ज किया तो उसके अकाउंट से पहली बार 70391, दूसरी बार एक लाख, तीसरी बार 50,764, चौथी बार दस हजार और पांचवीं बार 4400 रुपये निकल गए। इस प्रकार आरोपी ने उसके बैंक खाते से पांच बार में 2,35,555 रुपये निकाल लिए। शिकायत के बावजूद अभी तक पुलिस आरोपियों को कोई सुराग नहीं लगा पाई।
वर्जन
शहर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि मामले में अज्ञात पर धोखाधड़ी का केस दर्ज लिया है। साइबर सेल की मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों का पता कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।